भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने शनिवार (29 मई) को इंस्टाग्राम पर फैंस से बातचीत की। इस दौरान इंस्टाग्राम स्टोरीज में उनसे कई सवाल किए गए। कोहली ने बहुत सारे फैंस के सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। वामिका से जुड़े सवाल पूछे जाने पर भारतीय कप्तान ने बताया कि उन्होंने और पत्नी अनुष्का शर्मा ने अब तक बेटी के चेहरे की तस्वीर शेयर क्यों नहीं की है। इसके अलावा कोहली ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से जुड़े सवाल का भी जवाब दिया।
विराट से एक फैन ने सवाल किया, ‘‘वामिका का मतलब क्या है? वो कैसी है? क्या मैं उसकी एक झलक देख सकता हूं?’’ इस पर कोहली ने वामिका के नाम का मतलब बताया। उन्होंने कहा कि यह देवी दुर्गा का दूसरा नाम है। तस्वीर दिखाने के बात पर कोहली ने कहा, ‘‘नहीं, एक कपल के तौर पर हमने ये फैसला किया है कि हम अपने बच्चे को सोशल मीडिया पर नहीं दिखाएंगे, जब तक कि वो खुद ये न समझ ले कि सोशल मीडिया होता क्या है और इस बारे में वो खुद फैसला ले सके।’’

इसके बाद कोहली ने धोनी के साथ अपने संबंधों को लेकर दो शब्द कहे। उनसे एक फैन ने पूछा, ‘‘कैप्टन कूल और आपके बीच संबंध को परिभाषित करने के लिए दो शब्द बताइए।’’ इस पर विराट ने कहा- विश्वास और सम्मान। बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद विराट पहली बार टीम के कप्तान बने थे। इसके बाद जब धोनी ने वनडे से कप्तानी छोड़ी थी तब कोहली को नेतृत्व सौंपा गया था। कहा जाता है कोहली को कप्तान के तौर पर निखारने में धोनी का बड़ा योगदान है।
कोहली और अनुष्का इस साल 11 जनवरी को माता-पिता बने थे। इससे पहले विराट ने पिता बनने के बाद “जीवन बदलने वाले” अनुभव के बारे में बताया था। अपनी आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा था, ‘‘यह जीवन बदलने वाला रहा है। यह एक ऐसा जुड़ाव रहा है जो पहले के किसी भी अनुभवों से अलग है। सिर्फ अपने बच्चे को मुस्कुराते हुए देखने के लिए। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। मैं यह व्यक्त नहीं कर सकता कि यह भीतर से कैसा लगता है। यह इतना अद्भुत समय रहा है।’’