Ajinkya Rahane: भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अगले रणजी ट्रॉफी सीजन से पहले ही मुंबई टीम की कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर दी और कहा कि अब एक नए कप्तान को तैयार करने का सही समय आ गया है। रहाणे ने सोशल मीडिया के जरिेए इसकी जानकारी दी, लेकिन एक खिलाड़ी के रूप में इस टीम का हिस्सा बने रहने की बात कही। रहाणे के बाद अब मुंबई का अगला कप्तान कौन हो सकता है।

श्रेयस-सूर्यकुमार हैं कप्तानी पद के दावेदार

मुंबई की टीम में श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में श्रेयस अय्यर या फिर सूर्यकुमार यादव को इस टीम का अगला कप्तान बनाया जा सकता है। श्रेयस और सूर्यकुमार यादव भारत के लिए टेस्ट प्रारूप में नहीं खेल रहे हैं और इसकी वजह से वो मुंबई के लिए घरेलू सीजन में खेल सकते हैं। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होता है कि अगले रणजी सीजन के लिए किसे मुंबई टीम का कप्तान बनाया जाता है।

रहाणे ने मुंबई को 2023-24 में बनाया था विजेता

रहाणे ने एक्स पर एक पोस्ट डाला और लिखा कि मुंबई टीम के लिए कप्तानी करना और चैंपियनशिप जीतना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। आगे एक नया घरेलू सीज़न है और मेरा मानना ​​है कि नए लीडर को तैयार करने का यह सही समय है, इसलिए मैंने कप्तानी की भूमिका जारी नहीं रखने का फैसला किया है। उन्होंने आगे कहा कि मैं एक खिलाड़ी के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के साथ अपनी यात्रा जारी रखूंगा ताकि हम और अधिक ट्रॉफी जीत सकें। अब अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार है।

रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023-24 में विदर्भ को फाइनल में हराकर रणजी ट्रॉफी जीतकर सात साल का खिताबी सूखा खत्म किया। उन्होंने ईरानी कप (2024-25) और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (2022-23) में भी टीम को जीत दिलाई थी। 37 साल के रहाणे ने अब तक 201 फर्स्ट क्लास मैचों में 14,000 से ज्यादा रन बनाए हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि वो संन्यास नहीं ले रहे हैं और सभी प्रारूपों में एक बल्लेबाज के रूप में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।