ASIA CUP 2022, SL vs BAN: वह 2018 था, जब बांग्लादेश ने निदाहस ट्रॉफी के अंतिम लीग मुकाबले में श्रीलंका को हराने के बाद ‘नागिन डांस’ किया था। हालांकि, इस बार श्रीलंका की बारी थी। श्रीलंका ने गुरुवार यानी एक सितंबर 2022 को बांग्लादेश को एशिया कप 2022 के खिताब की दौड़ से बाहर कर दिया। आखिरी ओवर में रोमांचकारी जीत के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने नागिन डांस कर बांग्लादेश का न सिर्फ मजाक उड़ाया, बल्कि 4 साल पहले मिली हार का बदला भी ले लिया।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच के आखिरी पांच ओवर में रोमांच अपने चरम पर था। हर गेंद पर मैच का पलड़ा दूसरी ओर झुक रहा था। आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे, लेकिन उसके 2 विकेट ही गिरना शेष थे। ऐसे में यह लक्ष्य आसान नहीं था।
आखिरी ओवर मेहदी हसन लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर लेग बाई से महेश थीक्षणा ने एक रन चुराया। इसके बाद डेब्यू मैन अशिता फर्नांडो ने चौका जड़ दिया। अब श्रीलंका को जीत के लिए आखिरी 4 गेंद में जीत के लिए 3 रन चाहिए थे।
मेहदी हसन की अगली गेंद पर अशिता फर्नांडो ने दौड़ कर 2 रन पूरे किए। इस बीच, अंपायर ने नोबॉल का इशारा भी कर दिया। इसके साथ ही श्रीलंका ने मैच जीत गया और उसने टूर्नामेंट के सुपर-4 में जगह बना ली।
इससे पहले कुसल मेंडिस और कप्तान दासुन शनाका की स्थिर पारी ने 6 टीमों के इस टूर्नामेंट के सुपर-4 में पहुंचने में श्रीलंका की मदद की। मेंडिस (60) और शनाका (45) के बीच 54 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई और श्रीलंका ने चार गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
श्रीलंका की ओर से चमिका करुणारत्ने ने 10 गेंद में 16 और असिथा फर्नांडो ने नाबाद 10 रन बनाकर बांग्लादेश को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। इसके बाद श्रीलंकाई टीम के ड्रेसिंग रूम में जश्न का माहौल था।
जीत के फौरन बाद कैमरों ने करुणारत्ने को कैद कर लिया। वह बांग्लादेश का मजाक उड़ाने के लिए नागिन डांस कर रहे थे। घटना का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। नीचे आप भी उस वीडियो को देख सकते हैं।
करुणारत्ने का इस डांस ने घाव पर नमक छिड़कने का काम किया, क्योंकि मैच से पहले भी दोनों टीमों के बीच जुबानी जंग हुई थी। दरअसल, श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने कहा था कि बांग्लादेश के पास सिर्फ दो विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं। इसके बाद बांग्लादेश के टीम डायरेक्टर खालिद महमूद ने दासुन शनाका पर कटाक्ष किया था।
उन्होंने कहा था कि हमारे पास तो कम से कम दो गेंदबाज हैं, लेकिन उनके पास तो एक भी नहीं है। बाद में इस जुबानी जंग में महेला जयवर्धने ने भी एंट्री ले ली थी। उन्होंने कहा था, ‘ऐसा लगता है कि अब श्रीलंकाई गेंदबाजों के लिए क्लास और बल्लेबाजों को यह दिखाने का समय है कि वे कौन हैं?’