इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के 18वें मुकाबले में जहां राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को हारने में पूरा जोर लगा दिया, वहीं मैदान पर अपने और राजस्थान रॉयल्स के प्रशंसकों का मनोरंजन करने के लिए रियान पराग और राहुल तेवतिया ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। रियान पराग ने केकेआर के राहुल त्रिपाठी का कैच पकड़ने के बाद अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। उनका यह अंदाज राजस्थान रॉयल्स के फैंस को बहुत भाया।

रियान पराग के लिए यह कैच इसलिए भी खास है, क्योंकि आईपीएल 2021 में उनका यह पहला कैच भी है। रियान पराग ने पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक शानदार जीत बिहू डांस कर प्रशंसकों का दिल जीता था। रियान पराग मूल रूप से असम राज्य से हैं और बिहू असम का पारंपरिक लोकनृत्य है। रियान पराग इस बार ‘मॉक सेल्फी’ की नई उत्सव शैली के साथ नजर आए। केकेआर की पारी के दौरान मुस्तफिजुर रहमान राजस्थान रॉयल्स के लिए 16वां ओवर लेकर आए। उनके ओवर की दूसरी गेंद स्लोअर थी।

राहुल त्रिपाठी ने इसे स्लॉग कर डीप स्क्वायर लेग की ओर खेला, लेकिन वहां रियान पराग ने शानदार कैच पकड़ लिया। कैच लेने के बाद, राहुल तेवतिया बधाई देने के लिए उनके पास आए। तेवतिया ने उन्हें पकड़ना चाहा, लेकिन पराग ने उन्हें रोकते हुए एक नकली फोन के सामने पोज देने को कहा। रियान पराग ने गेंद को ही फोन बना लिया और ऐसी एक्टिंग की जैसे सेल्फी ले रहे हों।

खास यह है कि ऐसा मैच के दौरान एक बार नहीं हुआ। केकेआर की पारी का आखिरी ओवर क्रिस मॉरिस ने फेंका। उनकी दूसरी गेंद पर पैट कमिंस ने शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन रियान पराग ने डीप मिड-विकेट पर उनका बहुत ही शानदार कैच लपक लिया।

कमिंस का कैच पकड़ने के बाद रियान पराग राहुल तेवतिया की ओर भागे और दोनों ने फिर से एक नकली सेल्फी खिंचवाई। उनका कैच पकड़ने के बाद इस तरह अनोखे अंदाज में जश्न मनाना पर सोशल मीडिया पर लोगों को बहुत भाया। सोशल मीडिया पर लोग तरह तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।