Team India Top 5 Best Performers In 2022: भारतीय टीम 2022 में भले ही आईसीसी टी20 विश्व कप और एशिया कप का खिताब जीत पाई हो, लेकिन उसने इस साल अन्य कई उपलब्धियां हासिल कीं। उदाहरण के लिए, इंग्लैंड को उसके घर में एकदिवसीय और टी20 सीरीज में हराना और कुछ अन्य द्विपक्षीय सीरीज में जीत हासिल करना था। टीम इंडिया को कुछ झटके भी लगे, जैसे आईसीसी टी20 विश्व कप (ICC T20 विश्व कप) 2022 के सेमीफाइनल से बाहर होना और हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय में पहली हार।
यही नहीं, एशिया कप 2022 में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 के मैच में हार का भी सामना करना पड़ा। उस मैच के बाद अर्शदीप सिंह को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था। दरअसल, अर्शदीप सिंह से मैच में आसिफ अली का कैच छूट गया था। हालांकि, 2022 में अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन बहुत शानदार रहा। अर्शदीप के अलावा विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के लिए भी 2022 काफी यादगार रहा।
अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) ने 2022 में 21 टी20 मैच में लिए 33 विकेट
अर्शदीप सिंह 2022 में टी20 इंटरनेशनल में भुवनेश्वर कुमार (32 टी20 इंटरनेशनल में 37 विकेट) के बाद दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। अर्शदीप ने 21 मैच में 18.12 के औसत से 33 विकेट लिए। उनका स्ट्राइक रेट भी अच्छा (13.3 का) था। अर्शदीप का इकॉनोमी रेट (8.17) से थोड़ा ज्यादा था, लेकिन यह ध्यान रखना होगा कि वह वह डेथ-ओवर्स स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज हैं। मोहम्मद सिराज ने 2022 में 50 ओवर फॉर्मेट में 14 एकदिवसीय मैचों में सबसे अधिक 23 विकेट लिए।
टी20 इंटरनेशनल में एक साल में 1000+ रन बनाने वाले पहले भारतीय बने सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव 2022 में टी20 इंटरनेशनल में 1000 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र और पहले भारतीय बल्लेबाज बने। सूर्यकुमार ने 2022 में 187.43 के शानदार स्ट्राइक रेट से 31 टी20 (T20) इंटरनेशनल में 1164 रन बनाए। उनका 46.56 का औसत विराट कोहली (781 रन) के बाद भारतीयों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ (कम से कम 20 टी20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी शामिल) था।
सूर्यकुमार यादव ने 2022 में 2 शतक और 9 अर्द्धशतक बनाए। एक कैलेंडर ईयर में 1000 से अधिक टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले एकमात्र अन्य बल्लेबाज पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान हैं। मोहम्मद रिजवान ने 2021 में 1326 रन बनाए थे। सूर्यकुमार यादव ने जुलाई 2022 में ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ 48 गेंद में शतक (117) लगाया था। सूर्यकुमार यादव ऑस्ट्रेलिया में हाल ही में समाप्त हुए टी20 विश्व कप 2022 में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। सूर्यकुमार यादव ने 190 से कम के शानदार स्ट्राइक रेट से 6 पारियों में 239 रन बनाए थे।
विराट कोहली ने साल 2022 में खत्म किया 1020 दिनों का सूखा
विराट कोहली 2022 में सूर्यकुमार यादव के बाद 55.78 के औसत से 781 रन बनाकर टी20 इंटरनेशनल में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे। विराट कोहली ने एशिया कप 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक (नाबाद 122 रन) और 8 अर्द्धशतक भी लगाए। विराट कोहली ने 1020 दिनों के बाद तीन अंकों का आंकड़ा भी पार किया। अफगानिस्तान के खिलाफ 61 गेंदों में उनके नाबाद 122 रन किसी भारतीय द्वारा टी20 इंटरनेशनल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर था। विराट कोहली ने टी20 विश्व कप 2022 में 6 पारियों में नाबाद 82 रन के उच्च स्कोर के साथ 296 रन बनाए।
श्रेयस अय्यर ने 16 वनडे मैच में ही ठोक दिए 639 रन
श्रेयस अय्यर 2022 में एकदिवसीय मैचों में शिखर धवन के बाद दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। हालांकि, शिखर धवन ने 21 एकदिवसीय मैचों में 677 रन बनाए थे, जबकि श्रेयस अय्यर ने केवल 16 एकदिवसीय मैचों में 58.09 के औसत से 639 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने एकदिवसीय मैच में एक शतक (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 113 रन) और 5 अर्द्धशतक बनाए।
ऋषभ पंत को छोड़कर कोई भारतीय पार नहीं कर पाया 350 रन का आंकड़ा
ऋषभ पंत ने 2022 में हालांकि, सीमित ओवरों के प्रारूप विशेष रूप से टी20 इंटरनेशल में रनों के लिए संघर्ष किया, लेकिन वह इस साल टेस्ट में भारत के शीर्ष रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। ऋषभ पंत ने 2022 में 5 टेस्ट मैच की 4 पारियों में 66.5 के औसत से 2 शतक और 3 अर्द्धशतक लगाए। ऋषभ पंत 2022 में टेस्ट क्रिकेट में 350 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज रहे।