एशिया कप 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ के भारत के अंतिम मैच में विराट कोहली ने लगभग तीन साल के अंतराल के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। विराट कोहली का पिछला तीन अंकों का स्कोर लगभग तीन साल पहले ईडन गार्डंस में बांग्लादेश के खिलाफ आया था। उनकी शानदार पारी की मदद से भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 100 से ज्यादा रन के अंतर से जीत हासिल की।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान का यह पहला टी20 इंटरनेशनल शतक भी है। माना जाता है कि शानदार शतक ने कोहली के कंधे से भारी वजन कम किया। कोहली ने शनिवार 10 सितंबर 2022 की शाम बचपन के दिनों की अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर की।

तस्वीर में विराट कोहली को किसी पार्टी में भोजन का आनंद लेते देखा जा सकता है। विराट कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी की तस्वीर को कैप्शन दिया, ‘खाओ पियो ऐश करो मित्रों, दिल पर किस दा दुखे ना (खाओ, पियो और आनंद लीजिए दोस्तों, लेकिन किसी की भावनाओं को ठेस मत पहुंचाइए)।’

Virat Kohli instagram Story Message
विराट कोहली ने यह तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की।

तीन साल से शतक नहीं लगा पाने के कारण विराट कोहली को काफी आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था। उन्होंने इस पर कभी प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन दिल में टीस जरूर उठती थी। 71वां शतक लगाने के बाद उनका दर्द छलका। उन्होंने कहा था, ‘मेरी 60-70 रन की पारियों को भी नजरअंदाज किया गया और मुझे असफल कहा रहा था।’

एशिया कप 2022 में भारत सुपर-4 से फाइनल में जगह बनाने में असफल रहा। कोहली एशिया कप से पहले फॉर्म से जूझ रहे थे। उन्होंने एशिया कप 2022 में नए सिरे से वापसी करने के लिए वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे दौरों से एक महीने का ब्रेक लिया था।

विराट कोहली अब सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के महान रिकी पोंटिंग के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस मामले में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर शीर्ष पर हैं। उनके नाम 100 शतकों का रिकॉर्ड दर्ज है। 33 साल के विराट कोहली ने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 27 टेस्ट और 43 एकदिवसीय शतक भी लगाए हैं।