भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में 13 रन से जीत हासिल की। इस मैच में विराट कोहली ने सबसे तेज 12 हजार वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। हालांकि, वह एक मामले में फेल हो गए। विराट अपने करियर के दौरान पहली बार एक कैलेंडर ईयर (जब भी पांच से ज्यादा पारियां खेलीं) में एक भी वनडे शतक लगाने में नाकाम रहे। विराट कोहली ने तीसरे वनडे में 5 चौके की मदद से 78 गेंद में 63 रन बनाए।

जोश हेजलवुड की गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने विराट कोहली का कैच लपका। इसके साथ ही हेजलवुड ने भी अपने नाम एक खास रिकॉर्ड कर लिया। हेजलवुड ने इस साल (2020 में) कोहली को लगातार चौथी बार अपना शिकार बनाया। इसके साथ ही उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में विराट कोहली का सबसे ज्यादा बार आउट करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। जोश हेजलवुड ने जुनैद खान का रिकॉर्ड तोड़ा। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद जुनैद खान ने 2013 में कोहली को लगातार 3 बार आउट किया था। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के झाए रिचर्डसन और न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट ने 2019 में कोहली का लगातार 3-3 बार शिकार किया था।

विराट कोहली ने 18 अगस्त 2008 को दाम्बुला में श्रीलंका के खिलाफ मैच से वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। उस साल उन्होंने सिर्फ पांच पारियां ही खेलीं और एक भी शतक नहीं लगा पाए। हालांकि, इसके बाद हर साल उन्होंने कम से कम एक शतक जरूर लगाया। विराट ने 2009 में 8 पारियों में एक, 2010 में 24 पारियों में 3, 2011 में 34 पारियों में 4, 2012 में 17 पारियों में 5, 2013 में 30 पारियों में 4, 2014 में 20 पारियों में 4, 2015 में 20 पारियों में दो, 2016 में तीन पारियों में 3, 2017 में 26 पारियों में 6, 2018 में 14 पारियों में 6, 2019 में 25 पारियों में 5 शतक लगाए। इस साल यानी 2020 में विराट कोहली ने 9 वनडे पारियां खेलीं, लेकिन एक भी शतक नहीं लगा पाए।

साल 2020 में विराट कोहली का हाइएस्ट स्कोर 89 रन है। वह दो बार 89-89 के स्कोर पर आउट हुए। दोनों बार विरोधी टीम ऑस्ट्रेलिया थी। 19 जनवरी 2020 को बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली 89 रन पर आउट हुए। इसके बाद सिडनी के मैदान पर 29 नवंबर 2020 को 89 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटे और दोनों बार शतक बनाने से चूक गए।