इंडियन एक्सप्रेस के साल 2023 में 100 शक्तिशाली भारतीयों की सूची में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली और वर्तमान कप्तान रोहित शर्मा भी शामिल है। विराट कोहली 53वें नंबर पर हैं। वहीं रोहित शर्मा 83वें नंबर पर हैं। भारतीय क्रिकेट ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल पर भी इनका प्रभाव देखते हुए इन दोनों खिलाड़ियों को इसमें जगह दी गई है। इस साल अक्टूबर-नवंबर में भारत में वनडे वर्ल्ड कप में दोनों की बड़ी भूमिका होगी। इन दोनों के अलावा किसी भी क्रिकेटर को इस सूची में जगह नहीं मिली है।
इसके अलावा सूची का हिस्सा बीसीसीआई सचिव जय शाह हैं, जो एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख भी हैं। वह अक्टूबर 2022 में दूसरी बार बीसीसीआई के सचिव बने थे। वह रोहित शर्मा और विराट कोहली से ऊपर 47वें नंबर पर हैं। कोहली ने पिछले साल एशिया कप के दौरान अपना 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाकर 1,021 दिन का सूखा खत्म किया था।
विराट कोहली ने शतकों का सूखा खत्म किया
विराट कोहली ने बांग्लादेश दौरे के दौरान 72वां शतक लगाया था। वह साल 2023 में तीन और शतक जड़ चुके हैं। वनडे में दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में उन्होंने शतक जड़ा था। इस दौरान साढ़े तीन साल बाद उन्होंने टेस्ट में शतक जड़ा था। कोहली बेबाकी अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने मेंटल हेल्थ के बारे में बात की थी। टी20 वर्ल्ड कप 2021 में पाकिस्तान से हार के बाद सोशल मीडिया पर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को निशाना बनाया गया तो वह उनसे साथ खड़े रहे।
रोहित शर्मा दे रहे टीम इंडिया को ठोस शुरुआत
विराट कोहली के उत्तराधिकारी रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में पहुंची थी। साल 2023 में बाइलेट्रल सीरीज में रोहित ने टीम इंडिया को ठोस शुरुआत दी है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में शतक जमाया। आईसीसी वनडे रैंकिंग में विराट कोहली से पायदान नीच 8वें नंबर पर हैं।
रोहित शर्मा के पास आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का गदा उठाने का मौका
रोहित शर्मा के पास आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का गदा उठाने का मौका है। भारत लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जून में लंदन में यह मुकाबला खेला जाएगा। अक्टूबर-नवंबर में भारत में वर्ल्ड कप होना है। और टीम इंडिया के लिए विराट और रोहित काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी होंगे।