विराट कोहली की रेस्त्रां चेन One8 कम्यून एक बार फिर विवादों में घिरती दिखाई दे रही है। दो साल पहले LGBTQIA+ समुदाय ने इस रेस्त्रां पर भेदभाव का आरोप लगाया था। वहीं अब तमिलनाडु के एक शख्स ने भी कोहली के रेस्त्रां पर भेदभाव का आरोप लगाया है जिन्हें सोशल मीडिया पर काफी समर्थन मिल रहा है।

पारंपरिक पोशाक पहनने के कारण नहीं दी एंट्री

सोशल मीडिया पर तमिलनाडु के एक शख्स ने वीडियो बनाकर दावा किया कि उन्हें रेस्त्रां में इसलिए एंट्री नहीं दी गई क्योंकि उन्होंने अपनी पारंपरिक परिधान पहना हुआ था। वीडियो में शख्स सफेद शर्ट और उसके नीचे वेष्टी (लुंगी) पहना हुआ नजर आ रहा है।

वायरल हुआ वीडियो

वीडियो में उन्होंने बताया कि वह तमिलनाडु से मुंबई आए थे और जुहू के जेडब्ल्यू मैरियाट में रुके थे। उन्होंने सोचा कि वह विराट के रेस्त्रां वन8 जाएंगे। शख्स ने बताया कि उन्होंने जो कपड़े पहने हुए थे वह एक बड़े ब्रैंड के हैं। इस शख्स ने कहा कि रेस्त्रां ने तमिलनाडु के कल्चर की बेइज्जती की और इस वजह से उन्होंने यह वीडियो बनाया। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि विराट कोहली इसे लेकर कोई फैसला करेंगे और आगे से ऐसा किसी और के साथ नहीं होगा।

पहले भी विवादों में घिर चुका है रेस्त्रां

साल 2021 में भी कोहली के रेस्त्रां की पुणे ब्रांच में LGBTQIA+ समुदाय के लोगों की एंट्री को रोक दिया था। इंस्टाग्राम पर शख्स ने बताया, ‘फोन पर बताया गया कि वन8 कॉम्यून रेस्टोरेंट में प्रवेश केवल सिसजेंडर विषमलैंगिक जोड़ों या सिसजेंडर महिलाओं के समूहों के लिए है। समलैंगिक जोड़े या समलैंगिक पुरुषों के समूहों के लिए एंट्री नहीं है। ट्रांस महिलाओं को उनके कपड़ों के अनुसार एंट्री दी जाती है। रेस्टोरेंट की दिल्ली शाखा ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।’