विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चुस्त फील्डिंग के बाद उपयोगी अर्धशतक लगाया। कहना गलत नहीं होगा कि विराट कोहली अपने ऑन-फील्ड प्रदर्शन से टीम का मनोबल भी बढ़ाते हैं। सफलता की इतनी ऊंचाइयां छूने के बावजूद उन्हें सीखने से कुछ भी गुरेज नहीं है। वे हर चीज से प्रेरणा लेते हैं, जो उनको बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करे।
मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी प्रेरणा बने टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर। विराट ने मैच के बाद खुद इसका खुलासा भी किया। दरअसल, मैच शुरू होने से पहले टॉस के दौरान संजय मांजरेकर ने भारतीय कप्तान को उनके ‘सर्वश्रेष्ठ खेल’ की याद दिलाई था। संजय मांजरेकर ने टॉस के दौरान विराट से 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था, ‘यदि आपको याद हो तो आपना यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी पारी यहीं खेली थी। याद कीजिए।’
बाद में मैच के बाद साक्षात्कार के दौरान विराट कोहली ने खुद को प्रेरित करने का श्रेय संजय मांजरेकर को दिया। भारतीय कप्तान ने कहा, ‘आपने (संजय मांजरेकर) मुझे मेरे टी20 करियर के सर्वश्रेष्ठ खेल की याद दिलाई। मुझे इससे थोड़ी प्रेरणा मिली। जब आप इस तरह खेलते हैं और अपनी टीम के लिए खेल जीतते हैं, तो यह हमेशा एक अच्छा अहसास होता है। वह रात (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2016 का मुकाबला) एक रहस्योद्घाटन था कि आप क्रिकेट के मैदान पर कितने फिट हो सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘पिच बहुत अच्छी थी। यह गेंदबाजों से चीजों को वापस अपने पक्षम में करना का बहुत अच्छा प्रयास था।
बता दें कि टीम इंडिया ने बुधवार रात दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराया था। उस मैच में कोहली ने 52 गेंद पर 72 रन की पारी खेली। ऐसा करके उन्होंने न सिर्फ अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए थे। विराट क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में 50 से ज्यादा के औसत से रन बनाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए। उनके अब टी20 इंटरनेशनल में 50.85 के औसत से 2441 रन हैं। उन्होंने टेस्ट में अब तक 53.14 के औसत से 6749 और वनडे में 60.21 के औसत से 11520 रन बनाए हैं। यही नहीं, उन्होंने रोहित शर्मा के 2 रिकॉर्ड भी तोड़े।