भारतीय कप्तान विराट कोहली का खराब फॉर्म जारी है। वे इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में खाता नहीं खोल सके। शुक्रवार (05 मार्च) को टेस्ट के दूसरे दिन कोहली 8 गेंदों का सामना करने के बाद बेन स्टोक्स का शिकार बन गए। उनका कैच विकेटकीपर बेन फोक्स ने लिया। कोहली इससे पहले चेन्नई में खेले गए दूसरे टेस्ट में मोइन अली की गेंद पर आउट हो गए थे।

कोहली 7 साल बाद एक सीरीज में दो बार शून्य पर आउट हुए हैं। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ 2014 में उनके साथ ऐसा हुआ था। तब लियम प्लंकेट और जेम्स एंडरसन ने उन्हें खाता खोले बगैर पवेलियन का रास्ता दिखाया था। कोहली बतौर कप्तान 8वीं बार जीरो पर आउट हुए। इस मामले में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी कर ली। कोहली को बेन स्टोक्स ने अपने करियर में 5वीं बार आउट किया। कोहली उनके द्वारा सबसे ज्यादा बार आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

स्टोक्स ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसिस, भारत के चेतेश्वर पुजारा और दक्षिण अफ्रीका के नए कप्तान डीन एल्गर को 4-4 बार आउट किया है। पुजारा के प्रदर्शन की बात करें तो वे 17 रन बनाकर आउट हो गए। वे सीरीज में एक ही अर्धशतक लगा सके हैं। उन्होंने पहले मैच की पहली पारी में 73 रन बनाए थे। इसके बाद किसी पारी में उनका बल्ला नहीं चला। पुजारा ने अब तक 6 पारियों (73, 15, 21, 7, 0, 17) में 133 रन बनाए हैं।

पुजारा 17 मैच (28 पारी) से कोई शतक नहीं लगा सके। पिछली सेंचुरी उन्होंने जनवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाई थी। तब पुजारा ने सिडनी टेस्ट में 193 रन की पारी खेली थी। भारत चार टेस्ट मैचों की सीरीज में फिलहाल 2-1 से आगे है। उसे चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट में हार मिली थी। इसके बाद भारत ने इंग्लैंड को चेन्नई में खेले गए दूसरे टेस्ट और अहमदाबाद में खेले गए तीसरे टेस्ट में हराया।