विजय हजारे ट्रॉफी 2021-22 (Vijay Hazare Trophy 2021-22) की 8 दिसंबर से शुरुआत हुई। इस वनडे एकदिवसीय घरेलू टूर्नामेंट के लीग मुकाबले देश के आठ शहर (रांची, तिरुअनंतपुरम, जयपुर, मुंबई, मोहाली, राजकोट, ठाणे और चंडीगढ़) में खेले जाने हैं।
पहले दिन तिरुअनंतपुरम में राउंड वन एलीट ग्रुप बी में तमिलनाडु और मुंबई और राजकोट में राउंड वन एलीट ग्रुप डी में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच खेले गए मुकाबलों में रनों के पहाड़ खड़े हुए। दोनों टीमों की ओर से 64 चौके और 14 छक्के (महाराष्ट्र की ओर से 30 चौके, 7 छक्के और मध्य प्रदेश की ओर से 34 चौके 7 छक्के) लगाए गए।
राजकोट में खेले गए मैच में मध्य प्रदेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 50 ओवर में 6 विकेट पर 328 रन बनाए। वेंकटेश अय्यर भी मध्य प्रदेश टीम का हिस्सा हैं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र ने 49.4 ओवर में 5 विकेट पर 330 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
महाराष्ट्र की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने 14 चौके और 2 छक्के की मदद से 112 गेंद में 136 रन बनाए। उनके अलावा राहुल त्रिपाठी ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 50 गेंद में 56 रन बनाए। इससे पहले मध्य प्रदेश ने एक समय 8 ओवर में 44 रन पर 2 विकेट खो दिए थे।
इसके बाद विकेटकीपर अभिषेक भंडारी और शुभम शर्मा ने तीसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। अभिषेक ने 10 चौके की मदद से 80 गेंद में 70 रन बनाए। अभिषेक के बाद शुभम ने कप्तान आदित्य श्रीवास्तव के साथ चौथे विकेट के लिए 24 ओवर में 175 रन की साझेदारी की।
शुभम और आदित्य दोनों ने शतक लगाए। आदित्य ने 53 गेंद में 52 रन बनाए थे। हालांकि, बाद की 27 गेंद में उन्होंने 51 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी 82 गेंद की पारी के दौरान 9 चौके और 3 छक्के लगाए और 104 रन बनाकर आउट हुए। शुभम ने 97 गेंद में अपना शतक पूरा किया।
टूर्नामेंट के तिरुअनंतपुरम में हुए मैच में एन जगदीशन की अगुआई वाली तमिलनाडु ने मुंबई को जीत के लिए 291 रन का लक्ष्य दिया। मुंबई की टीम 46.4 ओवर में 236 रन पर ऑलआउट हो गई।
हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में छक्का लगाकर टीम को चैंपियन बनाने वाले तमिलनाडु के शाहरुख खान ने इस मैच में भी जलवा बिखेरा। उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के की मदद से 35 गेंद में 66 रन बनाए। उन्होंने 28 गेंद में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था।
शाहरुख खान के अलावा तमिलनाडु की ओर से साई सुदर्शन ने 24 गेंद में 24, एन जगदीशन ने 28 गेंद में 20, बाबा इंदरजीत ने 64 गेंद में 45, वाशिंगटन सुंदर ने 58 गेंद में 34, दिनेश कार्तिक ने 35 गेंद में 32 और जगदीशन कौशिक ने 38 गेंद में 32 रन बनाकर टीम को 50 ओवर में 8 विकेट पर 290 रन के स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया।