दिवंगत क्रिकेट कोच रमाकांत आचरेकर के दो मशहूर शिष्य सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली मंगलवार (3 दिसंबर) को मुंबई में अपने कोच की जन्मदिन पर उनके स्मारक के अनावरण के दौरान मिले। इस दौरान तेंदुलकर और कांबली के बीच हाथ मिलाने का दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कांबली वीडियो में काफी अस्वस्थ दिखाई दिए। उनकी हालत देख लोग हैरान हो गए। वीडियो पर कमेंट आया कि कांबली के जमाने में भी आईपीएल होना चाहिए था। समाचार एजेंसी पीटीआई के वीडियो में देखा जा सकता है कि कांबली के पास तेंदुलकर पहुंचते हैं। दोनों हाथ मिलाते हैं। इसके बाद तेंदुलकर का हाथ कांबली नहीं छोड़ते।

तेंदुलकर और कांबली के बीच 664 रनों की साझेदारी

एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किए गए वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट किया कि दुखद, अति दुखद…काश, उस समय आईपीएल होता। एक अन्य यूजर ने लिखा कि चैंपियन को इस तरह देखकर दुख हुआ… पृथ्वी शॉ इस पर ध्यान दें। कांबली को इस तरह देखना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। तेंदुलकर और कांबली ने पहली बार तब सुर्खियां बटोरीं जब उन्होंने हैरिस शील्ड मैच में अपने स्कूल शारदाश्रम विद्यामंदिर के लिए 664 रनों की साझेदारी की। दोनों ने मैच में नाबाद तिहरा शतक जड़ा था। तब रमाकांत आचरेकर ही उनके कोच थे। उनकी 2019 में मौत हो गई थी।

तेंदुलकर और कांबली के करियर पर नजर

तेंदुलकर ने 200 टेस्ट और 463 वनडे मैचों में अपने करियर के दौरान क्रिकेट के आइकन के रूप में अपनी पहचान बनाई। इसमें 100 अंतरराष्ट्रीय शतक और कई अन्य विश्व रिकॉर्ड शामिल हैं। लेकिन कांबली का करियर ऐसा नहीं रहा। शानदार शुरुआत के बाद 104 वनडे मैचों के अलावा सिर्फ 17 टेस्ट खेले। इसमें टेस्ट में दो दोहरे शतक शामिल हैं। उन्होंने लाल गेंद के प्रारूप में 1084 रन बनाए। वनडे में उन्होंने दो शतकों सहित 2477 रन बनाए।

पृथ्वी शॉ को हरभजन की नसीहत

भारतीय टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे पृथ्वी शॉ को इस साल आईपीएल मेगा ऑक्शन में किसी टीम ने नहीं खरीदा। उनकी तुलना विनोद कंबली से की जाने लगी है। इस बीच दिग्गज हरभजन सिंह ने पृथ्वी को सलाह दी है कि वह अपने फिटनेस पर काम करें। वह काफी आगे जा सकते हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)