रोहित शर्मा को मैच के दौरान जब भी यदा-कदा गेंदबाजी के लिए कहा जाता है तो वह स्पिन बॉलिंग ही करते हैं। हालांकि, चौथे टेस्ट के पहले दिन उन्होंने सभी को चौंका दिया। वह ऑफ स्पिनर से मीडियम पेसर बन गए। चौंक गए न आप, लेकिन यह सच है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बतौर मीडियम पेसर गेंदबाजी करते हुए रोहित का वीडियो भी अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया।

दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई पारी के 36वें ओवर में नवदीप सैनी चोटिल हो गए। दरअसल, ग्रोइन में दर्द के कारण तेज गेंदबाज नवदीप सैनी मैदान से चले गए। उन्हें इतना दर्द हो रहा था कि वह अपना ओवर भी पूरा नहीं कर पाए। जब वह मैदान से बाहर गए तब उनके ओवर की एक गेंद फेंकी जानी शेष थी। ऐसे में अजिंक्य रहाणे ने नवदीप सैनी का ओवर पूरा करने के लिए रोहित शर्मा को गेंद थमाई। सभी ने सोचा कि रोहित एक गेंद स्पिन फेंककर ओवर पूरा कर देंगे। हालांकि, रोहित जब रन-अप लेने लगे तो लोगों को आश्चर्य हुआ। रोहित ने करीब 8 कदमों का रन-अप लेते हुए गेंद फेंकी। रोहित की इस गेंद पर मार्नस लाबुशेन ने एक रन लिया।

रोहित शर्मा पहले दिन चोटिल होने से भी बचे। नवदीप सैनी की जगह पृथ्वी शॉ फील्डिंग के लिए आए। इस दौरान उन्होंने एक गेंद को फील्ड करने के चक्कर में रोहित शर्मा को थ्रो किया। हालांकि, या वह गेंद को सही से गैदर नहीं कर पाए या पृथ्वी का थ्रो गलत जगह रहा था, बॉल रोहित की अंगुलियों में लगी। रोहित के हाथ से गेंद छूट भी गई। खुशकिस्मती रही कि रोहित को ज्यादा चोट नहीं आई, नहीं तो भारतीय ड्रेसिंग रूम में चोटिल खिलाड़ियों की संख्या में एक का और इजाफा हो जाता।

रोहित के इस तरह ऑफ स्पिनर से मीडियम पेसर बनने पर सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वे मजेदार मीम्स भी शेयर कर रहे हैं। @negi_titiksha ने लिखा, बैट्समैन- रोहित शर्मा, बॉलर- रोहित शर्मा, वाइस कैप्टन- रोहित शर्मा। ऐसे ही और भी बहुत से लोगों ने कमेंट्स और मीम्स शेयर किए हैं।

इससे पहले नवदीप सैनी की पांचवीं गेंद पर कप्तान अजिंक्य रहाणे ने गली में मार्नस लाबुशेन का कैच छोड़ दिया। उस समय मार्नस लाबुशेन ने 108 गेंदों में 37 रन बनाए थे। इसके बाद मार्नस लाबुशेन ने शतक बनाया। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 मैच की सीरीज का आखिरी टेस्ट ब्रिसबेन के गाबा स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने 87 ओवर में 5 विकेट पर 274 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने के समय ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन 38 और युवा ऑलराउंडर कैमरुन ग्रीन 28 रन बनाकर नाबाद थे।