एशिया कप 2025 से पहले रिंकू सिंह बेहतरीन फॉर्म में हैं। यूपी टी20 लीग 2025 (UP T20 League 2025)में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने गदर काटा हुआ है। मेरठ मेवरिक्स के कप्तान रिंकू ने शनिवार (30 अगस्त) को काशी रूद्रा के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंद पर नाबाद 78 रन ठोक दिए।
रिंकू सिंह ने 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 162.50 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी इस पारी के दम पर मेरठ ने 15.4 ओवर में 136 रन का लक्ष्य हासिल कर लिए। टीम को 7 विकेट से जीत मिली। रिंकू सिंह ने बल्लेबाजी की शुरुआत काफी धीमी की। वह एक समय 28 गेंद पर 17 रन बनाकर खेल रहे थे।
रिंकू सिंह ने गियर बदला
रिंकू सिंह ने 33 गेंद पर 25 रन बनाने के बाद गियर बदला और अगली 15 गेंदों पर उन्होंने 53 रन ठोक दिए। इन 15 गेंदों पर उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के जड़े। रिंकू ने अपनी पारी की आखिरी 9 गेंदों पर 5 छक्के और 2 चौके लगाए और 26 गेंद रहते मैच खत्म कर दिया।
अटल बिहारी राय को 3 छक्के और 1 चौका जड़ा
रिंकू ने 16वें ओवर में गेंदबाजी करने आए अटल बिहारी राय को लगातार 3 छक्के और 1 चौका जड़ा। इससे पहले शिवा सिंह को लगातार 2 छ्क्के और 1 चौका जड़ा। आशीष यादव को तीन गेंदे डॉट खेलने के बाद दो चौके जड़े। रिंकू ने 3 दिन पहले लखनऊ फाल्कनस के खिलाफ 27 गेंद पर 57 रन बनाए थे। उन्होंने गौड़ गोरखपुर लायंस के खिलाफ 48 गेंद पर 108 रन ठोके थे। टूर्नामेंट में रिंकू ने 59 के औसत और 170.52 की स्ट्राइक रेट से 295 रन बनाए हैं।