दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज ने बुधवार को अलेक्जेंडर ज्वेरेव को सीधे सेटों में हराकर यूएस ओपन सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने पिछली बार यह खिताब जीता था। स्पेन के इस खिलाड़ी ने जर्मनी के ज्वेरेव को 6-3, 6-2, 6-4 से हराया। उनका सामना सेमीफाइनल में शुक्रवार को तीसरे रैंक वाले खिलाड़ी रूस के डेनियल मेदवेदेव से होगा।
कार्लोस अल्कारेज और अलेक्जेंडर ज्वेरेव का मैच देखने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी गए थे। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह सिर्फ आईपीएल में खेलते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023)में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)को चैंपियन बनाने के बाद से धोनी मैदान से दूर हैं। यूएस ओपन में कार्लोस अल्कारेज और अलेक्जेंडर ज्वेरेव का मैच देखते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
महेंद्र सिंह धोनी पहले भी जा चुके हैं टेनिस देखने
महेंद्र सिंह धोनी के टेनिस काफी पसंद है। वह पहले भी टेनिस देखने जा चुके हैं। साल 2022 में वह विंबलडन में राफेल नडाल और टेलर फिर्ट्ज का क्वार्टर फाइनल मैच देखने पहुंचे थे। पिछले साल भी वह यूएस ओपन का मैच देखने दिग्गज कपिल देव के साथ गए थे। वह मैच कार्लोस अलकारेज और जननिक सिनर के बीच था।
कार्लोस अल्कारेज लगातार दूसरे खिताब के करीब पहुंचे
कार्लोस अल्कारेज अब अमेरिकी ओपन में लगातार दूसरे खिताब के करीब पहुंच गए हैं। रोजर फेडरर ने 2004 से 2008 तक लगातार पांच खिताब जीते थे। इसके बाद मेंस सिंगल्स में कोई भी खिलाड़ी अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाया। इससे पहले मेदवेदेव ने हमवतन आंद्रे रुबलेव को हराकर चौथी बार अमेरिकी ओपन के मेंस सिंग्लस के सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने रुबलेव को 6-4, 6-3, 6-4 से हराने में सफल रहे।