भारतीय टीम ने मंगलवार को अंडर19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मेजबान साउथ अफ्रीका को दो विकेट से मात दी। भारत लगातार पांचवीं और कुल नौवीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। उदय सहारन की कप्तानी वाली टीम के पास अब खिताब का बचाव करके इतिहास रचने का मौका। इसके लिए उन्हें चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान का सामना करना पड़ सकता है।
भारत के पास इतिहास रचने का मौका
भारतीय टीम अंडर19 वर्ल्ड कप की सबसे कामयाब टीम है। भारत ने 9वीं बार फाइनल में पहुंचा है और सबसे ज्यादा पांच बार खिताब जीत चुका है। साल 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में टीम इंडिया ने अंडर-19 विश्व कप पर कब्जा जमाया था. इसके अलावा भारत 2006, 2016 और 2020 में उप-विजेता रह चुका है। भारत कभी भी अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाया। 2022 में भारत यश ढुल की कप्तानी में वर्ल्ड चैंपियन बना था और अब उदय सहारन के पास फाइनल जीतकर इतिहास रचने का मौका होगा।
फाइनल में पाकिस्तान से हो सकता है सामना
फाइनल में खिताब के लिए भारत का सामना पाकिस्तान से हो सकता है। टूर्नामेंट का दूसरा फाइनल पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच बेनोनी में गुरुवार को होने वाला है। जो भी टीम यह मुकाबला जीतेगी वह 11 फरवरी को फाइनल में भारत का सामना करेगी। साल 2006 के अंडर19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ था। तब पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
अगर ऑस्ट्रेलिया की जीत होती है तो फैंस को एक बार फिर 2023 वर्ल्ड कप फाइनल का नजारा देखने को मिलेगा। एक तरफ भारत होगा तो दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया। ऐसी स्थिति में फैंस चाहेंगे कि सहारन रोहित शर्मा का अधूरा काम पूरा करे। ऑस्ट्रेलिया ने पैट कमिंस की कप्तानी में अजेय रही भारतीय टीम को उसी के घर में फाइनल मुकाबला हराया था। वह भी छठी बार चैंपियन बने थे और भारत की अंडर19 टीम के पास भी छठी बार चैंपियन बनने का मौका है।