मोहम्मद अम्मान 30 नवंबर से 8 दिसंबर 2024 तक यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) में होने वाले ACC पुरुष U19 एशिया कप में भारत की कप्तानी करेंगे। भारत की 15 सदस्यीय टीम में 13 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी चुना गया है। बिहार के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी ने सितंबर 2024 में अंडर-19 टीम के लिए रेड बॉल फॉर्मेट में अपने पदार्पण मैच में 58 गेंद में शतक जड़कर सबको प्रभावित किया था।

वैभव ने सितंबर 2024 में रचा था इतिहास

वैभव ने तब अंडर-19 टेस्ट में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। वैभव ने 30 सितंबर 2024 को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। वैभव सूर्यवंशी का 58 गेंद में शतक केवल इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली से पीछे है। मोईन अली ने 2005 में इंग्लैंड अंडर-19 के लिए 56 गेंद में शतक लगाया था। वैभव ने अपनी पारी के दौरान 14 चौके और 4 छक्के लगाए थे। उन्होंने सिर्फ 62 गेंद में 104 रन बनाए थे।

बिहार के समस्तीपुर के ताजपुर गांव से ताल्लुक रखने वाले वैभव का क्रिकेट में सफर बहुत कम उम्र में ही शुरू हो गया था। उन्होंने 9 साल की उम्र में पिता संजीव सूर्यवंशी के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया था। संजीव सूर्यवंशी खुद बहुत बड़े क्रिकेट प्रेमी हैं।

पिता संजीव से सीखा क्रिकेट का ककहरा

पिता ने शुरुआत में वैभव का मार्गदर्शन किया। वैभव सूर्यवंशी ने 2023 में बिहार के लिए कूच बिहार ट्रॉफी में खेला। तब उन्होंने झारखंड के खिलाफ 128 गेंद पर 151 रन समेत बनाए। इस टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन को देखकर भारत अंडर 19 ए, भारत अंडर 19 बी, इंग्लैंड अंडर 19 और बांग्लादेश अंडर 19 की चतुष्कोणीय श्रृंखला के लिए उनका चयन किया गया।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होगा ACC U19 CUP

बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जूनियर चयन समिति ने आगामी 50 ओवर के ACC पुरुष U19 एशिया कप 2024 के लिए भारत की 15 सदस्यीय U19 टीम का चयन किया। यह टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट से पहले भारतीय U19 टीम 26 नवंबर को शारजाह में अभ्यास मैच में बांग्लादेश U19 से खेलेगी।

एक ही ग्रुप में हैं भारत और पाकिस्तान

भारत ACC पुरुष अंडर-19 एशिया कप की सबसे सफल टीम है। उसने आठ बार टूर्नामेंट जीता है। एशिया U19 कप 2024 में भारत को ग्रुप A में रखा गया है। ग्रुप ए में पाकिस्तान U19, जापान U19 और मेजबान UAE U19 की टीमें भी शामिल हैं। दूसरी ओर, ग्रुप B में अफगानिस्तान U19, बांग्लादेश U19, नेपाल U19 और श्रीलंका U19 की टीमें हैं।

यह है अंडर-19 एशिया कप के लिए चुनी भारतीय टीम

भारत U-19 टीम: आयुष म्हात्रे, वैभव सूर्यवंशी, सी आंद्रे सिद्दार्थ, मोहम्मद अम्मान (कप्तान), किरण चोरमले (उप कप्तान), प्रणव पंत, हरवंश सिंह पंगालिया (विकेटकीपर), अनुराग कावड़े (विकेटकीपर), हार्दिक राज, मोहम्मद एनान, केपी कार्तिकेय, समर्थ नागराज, युधाजीत गुहा, चेतन शर्मा, निखिल कुमार। नॉन-ट्रैवलिंग रिजर्व: साहिल पारख, नमन पुष्पक, अनमोलजीत सिंह, प्रणव राघवेंद्र, डी दीपेश।

India U19 Schedule – ACC Men’s U19 Asia Cup 2024: एसीसी पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2024 में भारतीय टीम का शेड्यूल

मैच संख्यातारीखदिनसमयटीमेंमैदान
130 नवंबर 24शनिवारभारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरूभारत U19 vs पाकिस्तान U19दुबई
202 दिसंबर 24सोमवारभारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरूभारत U19 vs जापान U19शारजाह
304 दिसंबर 24बुधवारभारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरूभारत U19 vs यूएई U19शारजाह
406 दिसंबर 24शुक्रवारभारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरूपहला सेमीफाइनलदुबई
506 दिसंबर 24शुक्रवारभारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरूदूसरा सेमीफाइनलशारजाह
608 दिसंबर 24रविवारभारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरूफाइनलदुबई