नाइजीरिया के महान फुटबॉल खिलाड़ी नवांक्वो कानू को रूस में अजीब मुसीबत का सामना करना पड़ा। रूस में उतरते ही किसी ने उनके बैग से 7.5 लाख रुपये पार कर दिए। नवांक्वो फीफा विश्वकप के पहले मैच में नाइजीरिया के दल का नेतृत्व करने के लिए रूस की राजधानी मॉस्को आए थे। मॉस्को के शेरेमेटयेवो हवाई अड्डे पर 41 साल के कानू के साथ ये हादसा हुआ। मॉस्को हवाई अड्डे से उन्हें रूस के दूसरे शहर के लिए फ्लाइट पकड़नी थी। इसी शहर में फीफा विश्वकप 2018 में नाइजीरिया का पहला मैच खेला जाना है। कानू ने रविवार (3 जून) को फीफा लीजेंडस के मैच में हिस्सा लिया। ये मैच रूस के कलिनइनग्राद के यूरोपियन एंक्लेव में खेला गया। बता दें कि कलिनइनग्राद शहर रूस के उन 11 शहरों में से एक है जहां पर दो हफ्तों के बाद टूर्नामेंट होने वाले हैं।

नवांक्वो कानू के साथ चोरी की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। एजेंसियों ने कलिनइनग्राद शहर के दो कुलियों को हिरासत में लिया है। चोरी का पता कानू को तब चला जब बैग मिलने के बाद वह होटल में चेकइन के लिए पहुंचे। रविवाार (3 जून) को जारी अपने आधिकारिक बयान में रूस के आंतरिक मंत्रालय ने कहा,”दो माल सहायकों ने लंदन से मॉस्को आने वाली फ्लाइट का सामान उतारा था। उन्होंने ही यात्री के सामान से पैसे चुराए थे। उन्हें पहचान कर हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है।”

बता दें कि साल 2017 में रूस में चोरी, छिनैती और सशस्त्र डकैती के कुल 8,10,000 मामले दर्ज किए गए थे। ये सभी अपराधों का कुल 42.1 प्रतिशत है। धोखाधड़ी और नशे संबंधित अपराध क्रमश: दूसरे और तीसरे सबसे ज्यादा दर्ज किए जाने वाले अपराध हैं। 2016 के बाद से इन अपराधों में खासी तेजी देखी गई है। रूस में साल 2017 में सबसे ज्यादा अपराध के 1,27,500 मामले राजधानी मॉस्को में दर्ज किए गए। पूरे देश में सिर्फ मॉस्को ही ऐसा शहर या प्रांत था जिसने छह अंकों में अपराध का आंकड़ा छुआ था। ये हालात तब हैं जब मॉस्को में साल 2017 में अपराध की दर में 20 प्रतिशत की गिरावट आई है। जबकि क्रीमिया पेनिनसुला में अपराध की दर में 50 फीसदी का इजाफा इसी दौर में हुआ है। अपराध के ये आंकड़े रूस के अभियोजन प्रमुख के कार्यालय से जारी किए गए हैं।