महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में चेन्नई सुपरकिंग्स एक बार फिर से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में जलवा बिखेरने को तैयार है। एमएस धोनी की सीएसके अब तक 4 बार आईपीएल जीत चुकी है। एमएस धोनी के अलावा सीएसके के और भी कई खिलाड़ी काफी प्रसिद्ध हैं और अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इस सूची में रविंद्र जडेजा, अंबाती रायुडू, रॉबिन उथप्पा और दीपक चाहर भी शामिल हैं। इस लेख में आपको सीएसके के ‘किंग्स’ की क्वींस से मिलवाएंगे।

महेंद्र सिंह धोनी ने 4 जुलाई 2010 को साक्षी रावत से शादी कर सबको चौंका दिया था। साक्षी ने एक बार इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर कर बताया था कि उनकी और धोनी की पहली मुलाकात 2007 दिसंबर में हुई थी। इसके तकरीबन ढाई साल बाद जुलाई 2010 में दोनों ने शादी की थी। साक्षी ने बताया था कि उन्हें धोनी के लंबे बाल पसंद नहीं थे। धोनी ने एक बार अपने बालों को गुलाबी करवा लिया था। साक्षी उसे सबसे खराब मानती हैं।

बहुत कम लोग जानते होंगे कि धौनी और साक्षी बचपन में एक ही स्कूल के पढ़े हैं। दोनों एक साथ डीएवी श्यामली स्कूल में पढ़ाई करते थे। साल 2007 में धोनी और साक्षी की पहली मुलाकात कोलकाता के ताज बंगाल होटल में हुई थी। टीम इंडिया उसी होटल में ठहरी थी। साक्षी होटल मैनेजमेंट में अपनी इंटर्नशिप कर रही थीं। दिलचस्प यह है कि वह साक्षी के इंटर्नशिप का आखिरी दिन था।

मैकेनिकल इंजीनियर और भाजपा नेता हैं रविंद्र जडेजा की पत्नी रीवा सोलंकी

भारतीय टीम के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 2016 में रीवा सोलंकी से शादी की थी। रविंद्र जडेजा 9 मार्च 2022 को एक बार फिर से दुनिया के पहले टेस्ट ऑलराउंडर बने। जिस तरह जडेजा ऑलराउंडर हैं उसी तरह उनकी पत्नी भी एक तरह से ऑलराउंडर ही हैं। रीवा मैकेनिकल इंजीनियरिंग कर चुकी हैं। अब वह भाजपा की सदस्य हैं।

रविंद्र जडेजा और रीवा सोलंकी। (सोर्स- इंस्टाग्राम रविंद्र जडेजा)

जडेजा प्यार के मामले में पीछे थे। 2015 में उनकी बहन नैना ने अपनी दोस्त से मिलने के लिए कहा। शुरू में जडेजा ने आनाकानी की, लेकिन बाद में साथ चले गए। वे नैना के साथ रीवा से मिलने पहुंचे। रीवा को पहली ही नजर देखते हुए जड्डू को प्यार हो गया। फिर दोनों में दोस्ती हो गई और अगले ही साल 2016 में शादी कर ली।

इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी रह चुकी हैं रॉबिन उथप्पा की पत्नी शीतल गौतम

रॉबिन उथप्पा और शीतल गौतम।

रॉबिन उथप्पा की गिनती आईपीएल के स्टार खिलाड़ियों में होती है। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में टॉप-10 में शामिल हैं। उन्होंने मार्च 2016 में गर्लफ्रेंड शीतल गौतम से शादी की थी। शीतल गौतम पूर्व भारतीय पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं। वह 5 आईटीएफ सिंगल्स और 13 आईटीएफ डबल्स खिताब जीत चुकी हैं। बैंगलोर में 6 जून 1981 को जन्मीं शीतल उम्र में रॉबिन से बड़ी हैं।

अंबाती रायुडू की चेनुपल्ली विद्या को भाती है मीडिया से दूरी

अंबाती रायुडू और चेनुपल्ली विद्या।

अंबाती रायुडू ने 2009 में वेलेंटाइन डे पर अपने कॉलेज के प्यार चेनुपल्ली विद्या को अपनी जिंदगी का हमसफर बनाया। विद्या मीडिया से दूर रहना पसंद करती हैं। हालांकि, उन्हें अक्सर सीएसके का मैच देखते हुए देखा जाता है। विद्या का निक नेम निम्मी है। चेनुपल्ली विद्या एक सपोर्टिव वाइफ होने के साथ कर्तव्यपरायण गृहिणी भी हैं।

बिग बॉस कंटेस्टेंट की बहन हैं दीपक चाहर की ‘क्वीन’ जया भारद्वाज

दीपक चाहर और जया भारद्वाज। (सभी तस्वीरें- चेन्नई सुपरकिंग्स के इंस्टाग्राम से)

दीपक चाहर की ‘क्वीन’ जया भरद्वाज हैं। दीपक ने आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपरकिंग्स के मैच के बाद जया को स्टेडियम में ही प्रपोज किया था। उनका यह अंदाज मीडिया की सुर्खियां बना था। जया एक प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं। उनके भाई सिद्धार्थ भारद्वाज बिग बॉस का हिस्सा रह चुके हैं। दीपक और जया 2022 में शादी के बंधन में बंध सकते हैं।