पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पंचकुला के एमडीसी सेक्टर 4 स्थित आवास से नकदी और आभूषणों की चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने उनके घर से 75,000 रुपये नकद और आभूषओं की चोरी की और इसका शतक वहां काम करने वाले घरेलू कर्मचारियों पर जताया जा रहा है। युवराज सिंह की मां शबनम सिंह ने खुलासा किया कि हाउसकीपिंग स्टाफ में शामिल सकेतड़ी की ललिता देवी और रसोइया सिलदार पाल जो बिहार का है वह संदेह के घेरे में हैं।

पुलिस ने छानबीन शुरू की

शबनम सिंह के मुताबिक वह सितंबर 2023 से गुड़गांव में अपने दूसरे आवास में रह रही थीं और जब वह 5 अक्टूबर 2023 को अपने पंचकुला स्थित घर लौटीं तब उन्हें अलमारी से लगभग 75,000 रुपये मूल्य के आभूषण और अन्य सामान के गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर जब छानबीन की तब वह किसी भी तरह का सुराग हासिल नहीं कर पाईं। इसके बाद उन्हें पता चला कि ललिता देवी और सिलदार पाल ने अचानक नौकरी छोड़ दी और दिवाली के आसपास उनके आवास को छोड़कर भाग गए।

शबनम सिंह ने दो पूर्व कर्मचारियों पर शक जाहिर करते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने आधिकारिक तौर पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले के बारे में बात करते हुए पुलिस की तरफ से कहा गया कि अगर हम मीडिया को सब कुछ बता देंगे तो हम चोरों को कैसे पकड़ पाएंगे। वहीं इसे लेकर पुलिस की तरफ से कोई पुख्ता जानकारी नहीं दी गई है कि आगे क्या कुछ किया जा रहा है, हालांकि उन्होंने इसे एक चुनौती जरूर बताया। आपको बता दें कि इस मामले में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने अभी कुछ भी नहीं कहा है।