T20 World Cup, India vs Netherlands: स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने टी20 विश्व कप 2022 के 23वें मैच में नीदरलैंड के खिलाफ 62 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। कोहली ने इस विश्व कप में लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। अपनी इस शानदार पारी की बदौलत उन्होंने 2019 के बाद पहली बार एक कैलेंडर ईयर में 1000 अंतरराष्ट्रीय रनों का आंकड़ा पार किया। उधर रोहित शर्मा ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के एक रिकॉर्ड की बराबरी की।
विराट कोहली के 2022 में अब 28 मैच की 31 पारियों में 39.38 की औसत से 1,024 रन हो गए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और नौ अर्धशतक निकले हैं। इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 122 रन रहा। विराट कोहली साल 2020 और 2021 में 1000 अंतरराष्ट्रीय रन के आंकड़े को नहीं छू पाए थे। इस दौरान वह खराब फॉर्म से जूझ रहे थे।
यही नहीं, नीदरलैंड के खिलाफ मैच में विराट कोहली ने क्रिस गेल (Chris Gayle) को भी पीछे छोड़ा। वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा भी टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गए। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर तिलकरत्ने दिलशान (Tillakaratne Dilshan) को पीछे छोड़ा। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के अब 35 मैच में 904 रन हो गए हैं। उन्होंने आईसीसी टूर्नामेंट में 23वीं बार अर्धशतकीय पारी खेली और सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी की। 25 अर्धशतक के साथ विराट कोहली शीर्ष पर हैं।
इस मामले में विराट कोहली (Virat Kohli) वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल को पछाड़कर अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। टी20 विश्व कप में विराट कोहली के नाम अब 23 मैच में 989 रन हैं। विराट कोहली शीर्ष पर काबिज श्रीलंका के महेला जयवर्धने (Mahela Jayawardene) से अब सिर्फ 27 रन पीछे हैं। महेला जयवर्धने ने अपने करियर के दौरान टी20 विश्व कप में 31 मैच खेले थे। इसमें उन्होंने 1016 रन बनाए थे।
सिडनी के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 27 अक्टूबर 2022 को भारत और नीदरलैंड के खिलाफ मैच की बात करें तो रोहित शर्मा ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में 2 विकेट पर 179 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 123 रन ही बना पाई।