Virat Kohli Completed 4000 Runs In T20I: विराट कोहली ने 10 नवंबर 2022 को एडिलेड ओवल पर इतिहास रचा। वह टी20 इंटरनेशनल में 4000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बने। उन्होंने 115वें मैच की 107वीं पारी में यह उपलब्धि अपने नाम की। विराट कोहली के अब 115 टी20 इंटरनेशनल मैच में 52.73 के औसत और 137.96 के स्ट्राइक रेट से 4008 रन हो गए हैं। इसमें उनका एक शतक और 37 अर्धशतक भी शामिल है।

विराट कोहली टी20 विश्व कप 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में भी शीर्ष पर हैं। विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप 2022 में अब तक 6 मैच की 6 पारियों में 98.67 के औसत और 136.41 के स्ट्राइक रेट से 296 रन बनाए हैं। कोहली टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 4 चौके और एक छक्के की मदद से 40 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए।

टी20 विश्व कप में विराट कोहली का यह चौथा नॉकआउट मुकाबला है। कोहली ने चारों मुकाबलों में 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली है। इससे पहले विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 44 गेंद में नाबाद 72, श्रीलंका के खिलाफ 58 गेंद में 77 और वेस्टइंडीज के खिलाफ 47 गेंद में नाबाद 89 रन की पारी खेली थी।

विराट कोहली आईसीसी सेमीफाइनल और फाइनल (एकदिवसीय विश्व कप, टी20 विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। विराट कोहली के अब 12 पारी में 536 रन हो गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा को पीछे छोड़ा। कुमार संगकारा ने 16 पारी में 531 रन बनाए थे।

तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। पोंटिंग ने 14 पारी में 509 रन बनाए थे। चौथे नंबर पर सौरव गांगुली हैं। गांगुली ने सिर्फ 6 पारियों में 489 रन ठोक दिए थे। श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने पांचवें नंबर पर हैं। जयवर्धने ने 16 पारी में 484 रन बनाए थे।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने की सूची के शीर्ष 5 में तीन एशियाई (विराट, रोहित और बाबर आजम) हैं। दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। रोहित ने 148 मैच की 140 पारियों में 31.32 के औसत और 139.24 के स्ट्राइक रेट से 3853 रन बनाए हैं। उनके 4 शतक और 29 अर्धशतक हैं। रोहित टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।