आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 में इंग्लैंड और पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना लगगभ तय दिख रहा है। वहीं, टूर्नामेंट में भारत समेत 6 टीमें अंतिम-4 की रेस में बने हुए हैं। इंग्लैंड अपने तीनों मैच जीतकर सुपर-12 में ग्रुप वन की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर है। पाकिस्तान भी अपने तीनों मैच जीतकर सुपर-12 में ग्रुप टू की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर है। इंग्लैंड और पाकिस्तान दोनों के 6-6 अंक हैं।
सुपर-12 में ग्रुप 2 में पाकिस्तान ने भारत, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ जीत हासिल की है। उसे अब नामीबिया और स्कॉटलैंड से खेलना है। उसने जिस तरह से अब तक प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए उसकी इन दोनों टीमों के खिलाफ भी जीत तय मानी जा रही है।
आईसीसी टी20 विश्व कप में सुपर-12 के ग्रुप 2 में टीम इंडिया अभी अपने ग्रुप में 5वें स्थान पर है। ऐसे में दूसरे स्थान के लिए भारत, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान में मुकाबला है। 31 अक्टूबर को भारत-न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान-नामीबिया का मुकाबला है।
इन मुकाबलों में भारत यदि न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान नामीबिया के खिलाफ जीत हासिल करता है तब भी टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर रहेगी, क्योंकि अफगानिस्तान का नेट रनरेट पाकिस्तान से भी बेहतर है।
इसके बाद टीम इंडिया का अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामीबिया से मैच होना है। टीम इंडिया यदि ये तीनों मैच जीतता है तो वह अंतिम-4 में पहुंच जाएगा। यदि न्यूजीलैंड भारत के खिलाफ जीत हासिल कर लेता है तो टीम इंडिया के अंतिम-4 में पहुंचने की संभावनाएं क्षीण हो जाएंगी।
सुपर 12 में ग्रुप 1 में इंग्लैंड का नेट रनरेट (+3.948) लगभग चार का है। दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका है। उसका नेट रनरेट +0.210 का है। ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर है। उसका नेट रनरेट -0.627 है। साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया दोनों के 4-4 अंक हैं। साउथ अफ्रीका को अब बांग्लादेश और इंग्लैंड से भिड़ना है। वहीं ऑस्ट्रेलिया की बांग्लादेश और वेस्टइंडीज से भिड़ंत होनी है।


साउथ अफ्रीका ने पहला मैच हारने के बाद जिस तरह से वापसी की है, उसे देखते हुए उसकी श्रीलंका के खिलाफ भी जीत तय मानी जा रही है। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया भी बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत हासिल कर सकता है। ऐसे में दोनों में से बेहतर नेट रनरेट टीम अंतिम-4 में जगह बनाने में सफल होगी।