T20 World Cup 2022, Warm Up Match, Mohammed Shami And Harshal Patel: मोहम्मद शमी टी20 विश्व कप 2022 में आए और छाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वार्म अप मैच में उनके प्रदर्शन को यह कहना कतई अतिश्योक्ति नहीं होगा। यह मोहम्मद शमी और हर्षल पटेल का ही कमाल रहा कि भारतीय टीम ने कंगारुओं के जबड़े से जीत छीन ली।
भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में अपने पहले वार्म-अप मैच में ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से हराया। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 187 रन का लक्ष्य मिला था। वह 20 ओवर में 10 विकेट पर 180 रन ही बना पाई। ऑस्ट्रेलिया का 18 ओवर में स्कोर 4 विकेट पर 171 रन था।
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 12 गेंद में 16 रन चाहिए थे, जो जरा भी कठिन नहीं था। अर्शदीप 18वें ओवर में ही 13 रन लुटा चुके थे। लग रहा था कि मेजबान आसानी से भारत को मात दे देंगे। इसके बाद रोहित शर्मा ने 19वें ओवर के लिए हर्षल पटेल को गेंद थमाई।
यहां देखें टी20 विश्व कप 2022 का पूरा शेड्यूल और अन्य जानकारी
हर्षल पटेल का यह तीसरा ओवर था। वह पहले 2 ओवर में 25 रन दे चुके थे। लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया 19वें ओवर में ही मैच जीत लेगा, लेकिन हर्षल ने 19वें ओवर में सिर्फ 5 रन दिए और एक विकेट भी चटकाया। रोहित ने 20वें ओवर के लिए मोहम्मद शमी को गेंद थमाई।
शमी ने पहली दो गेंद में 4 रन दे दिए, लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खाते में एक भी रन नहीं जुड़ने दिए, बल्कि 4 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह जरूर दिखा दी। शमी और हर्षल पटेल यदि विश्व कप तक ऐसी ही लय बरकरार रखने में सफल रहते हैं तो निश्चित रूप से भारतीय टीम की डेथ ओवर्स की चिंता दूर हो जाएगी।
ऐसी रही आखिरी 12 गेंद की कहानी
- 18.1: हर्षल पटेल ने एरोन फिंच को बोल्ड कर दिया। फिंच 54 गेंद में 79 रन बनाकर आउट हुए।
- 18.2: जोश इंगलिस ने हर्षल की गेंद को मिडविकेट की ओर खेला और रन के लिए दौड़ पड़े, लेकिन वहां कोहली ने फील्ड किया और डायरेक्ट थ्रो से स्ट्राइकर एंड की गिल्लियां बिखेर दीं। टिम डेविड को पवेलियन लौटना पड़ा। 171/6
- 18.3: हर्षल की लेग स्टम्प पर यॉर्कर गेंद। पैट कमिंस ने फाइन लेग की ओर खेलकर एक रन पूरा किया।
- 18.4: हर्षल ने ऑफ स्टंप के बाहर गेंद की। जोश रिवर्स लैप खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद बैट से लगकर मिडविकेट की ओर चली गई। इस बीच उन्होंने एक रन ले लिया।
- 18.5: हर्षल की यॉर्कर गेंद! कमिंस के बैट से लगकर गेंद स्क्वायर लेग की ओर गई और उन्होंने 2 रन चुरा लिए।
- 18.6: हर्षल की यह गेंद लेग स्टम्प पर फुट टॉस थी। कमिंस स्लॉग करने के चक्कर में बीट हुए। लेग बाई से एक रन चुराया।
- 19.1: शमी ने यॉर्कर की कोशिश की, लेकिन गेंद फुलटॉस हो गई। कमिंस ने मिडविकेट की ओर खेला। बाउंड्री लाइन पर बढ़िया फील्डिंग हुई, लेकिन इस बीच 2 रन दौड़ कर ले लिए।
- 19.2: मोहम्मद शमी की यॉर्कर को कमिंस ने फिर मिडविकेट की ओर खेला और दो रन ले लिए।
- 19.3: कमिंस ने शमी की लेंथ बॉल को लॉन्ग ऑन की ओर खेला। ऐसा लगा की गेंद सीधा बाउंड्री के बाहर जाकर गिरेगी, लेकिन वहां कोहली ने सही टाइमिंग के साथ बेहतरीन कैच लपक लिया।
- 19.4: एश्टन एगर ने शमी की ऑफ स्टंप के बाहर हार्ड लेंथ गेंद को पॉइंट के ऊपर से खेलने की कोशिश की और नॉन स्ट्राइकर के कहने पर रन के लिए दौड़े। इस बीच, कार्तिक ने शमी तक गेंद पहुंचाई और उन्होंने स्टम्प पर दे मारा।
- 19.5: जोश ने ऑफ स्टंप की लाइन की यॉर्कर बॉल को मिडविकेट की ओर खेलने की कोशिश की, लेकिन उनके पैरों के बीच से निकल गई गेंद और स्टम्प उड़ा ले गई।
- 19.6: केन रिचर्डसन रूम बनाकर कवर की ओर खेलना चाहते थे, लेकिन वह मिस कर गए और शमी की बॉल ने उनका ऑफ स्टम्प उखड़ दिया।