T20 World Cup, IND vs ENG: सोशल मीडिया पर रविचंद्रन अश्विन का एक वीडियो वायरल है। वीडियो में फ्रंट पर तो रोहित शर्मा टॉस के बाद कुछ कह रहे हैं, लेकिन गौर करने पर बैकग्राउंड में भारतीय टीम के वरिष्ठ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन दिखते हैं। वीडियो में रविचंद्रन अश्विन को टी20 विश्व कप 2022 में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के अंतिम सुपर 12 मुकाबले में को टॉस के दौरान अपने कपड़े सूंघते देखा जा सकता है।

इस वीडियो को एक प्रशंसक ने ट्विटर पर शेयर किया है। वीडियो में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा टॉस के दौरान इयान बिशप से बात कर रहे थे। इस दौरान अश्विन मैदान से अपनी जर्सी उठाते नजर आए। वहां दो एक जैसी जर्सी थीं। अश्विन को उसमें से अपनी जर्सी पहचाननी थी। अश्विन दोनों को सूंघते हैं। अपनी जर्सी पहचानने के बाद दूसरी को नीचे फेंक देते हैं।

भारत और जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच की बात करें तो सूर्यकुमार यादव ने केवल 25 गेंद में नाबाद 61 रन बनाए। उनकी तूफानी पारी की मदद से भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.2 ओवर में 115 रन ही बना पाई। उस मैच में रविचंद्रन अश्विन ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए।

जिम्बाब्वे ने 7.3 ओवर में 36 रन पर ही 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद पाकिस्तानी मूल के ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने थोड़ा संघर्ष किया और टीम के स्कोर को 100 के पार लेकर गए। सिकंदर रजा ने 24 गेंद में 34 रन बनाए। वह हार्दिक पंड्या की गेंद पर आउट हुए।

सिकंदर रजा (Sikandar Raza) के अलावा रयान बर्ल ने 22 गेंद में 35 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने 10 गेंद में 3 विकेट चटकाए और मैच को खत्म करने में अपनी टीम की मदद की।

अब भारत का टी20 विश्व कप 2022 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से 10 नवंबर को मैच होना है। भारत ने टी20 विश्व कप में चौथी बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वह 2007 में चैंपियन और 2014 में रनर-अप रह चुका है। भारतीय फैंस को इस बार रोहित ब्रिगेड से खिताब की उम्मीदें हैं।