T20 World Cup, New Zealand Vs Pakistan: पाकिस्तान ने 9 नवंबर को आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2022 के फाइनल में जगह बनाई। उसने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। सेमीफाइनल में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम और उसके विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने इतिहास रचा। उनसे पहले न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डेरिल मिशेल (Daryl Mitchell) ने विराट कोहली और क्रिस गेल की बराबरी की।

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की। बाबर और रिजवान ने टी20 विश्व कप में तीसरी बार शतकीय साझेदारी की। बाबर और रिजवान टी20 विश्व कप में 3 बार शतकीय साझेदारी करने वाली दुनिया की पहली जोड़ी बन गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ बाबर आजम ने 7 चौके की मदद से 42 गेंद में 53 रन बनाए। मोहम्मद रिजवान 5 चौके की मदद से 43 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए।

इससे पहले डेरिल मिशेल ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 35 गेंद में नाबाद 53 रन बनाए। यह पारी खेलते ही डेरिल मिशेल टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबलों में दो बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं।

डेरिल मिशेल ने इससे पहले टी20 विश्व कप 2021 के सेमीफाइनल में अबुधाबी में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 72 रन की पारी खेली थी। टी20 विश्व कप में डेरिल मिशेल ने अब तक 4 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने दो बार नाबाद रहते हुए 201 रन बनाए। मिशेल इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ 20 गेंद में 27, भारत के खिलाफ 35 गेंद में 49 रन की पारियां भी खेल चुके हैं।

क्रिस गेल और विराट कोहली भी दोनों बार ठोके चुके हैं नाबाद पचासे

क्रिस गेल ने 2009 में ओवल में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 63 और 2012 में कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 75 रन बनाए थे। विराट कोहली ने 2014 के संस्करण में मीरपुर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 72 और 2016 में मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 89 रन की पारी खेली थी।