T20 World Cup 2022: टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की ओपनिंग जोड़ी ने एक बार फिर खराब प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ शतकीय साझेदारी के बाद ऐसा लगा था कि दोनों फॉर्म में आ गए हैं। उस मैच में दोनों ने अर्धशतक जड़ा था, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ एक बार दोनों ने धीमी बल्लेबाजी की। इससे टीम के मीडिल ऑर्डर पर दबाव पड़ा और 10 रन के अंदर 4 विकेट गिरे।
मेलबर्न में मोहम्मद रिजवान 14 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हुए। तब टीम का स्कोर 4.2 ओवर में 1 विकेट पर 29 रन था। इसके बाद मोहम्मद हारिस आए। बाबर आजम 12वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने 28 गेंद पर 32 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने सिर्फ 2 चौके लगाए। बाबर और रिजवान दोनों के लिए टूर्नामेंट खराब रहा है। बाबर 124 रन ही बना पाए। वहीं रिजवान 175 रन ही बना सके। दोनों के बल्ले से सिर्फ एक-एक अर्धशतक लगा।
टीम इंडिया वाली गलती पाकिस्तान ने की
एडिलेड में सेमीफाइनल के दौरान टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर इंग्लैंड के खिलाफ डिफेंसिंव अप्रोच के साथ खेला था। वहीं जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की जोड़ी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। फाइनल में पाकिस्तान की टीम ने भारत से सबक नहीं लिया। खुलकर बल्लेबाजी नहीं की। उसके मीडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे ताबड़तोड़ रन बनाने वाले बल्लेबाज नहीं है। दबाव पड़ा और टीम 140 का स्कोर भी नहीं बना पाई।
इंग्लैंड ने आक्रामक खेल जारी रखा
17वें ओवर में शान मसूद आउट हुए तब पाकिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 121 रन था। इसके बाद 18 गेंद पर सिर्फ 10 रन बने और 4 विकेट गिर गए। शाहीन शाह अफरीदी ने पहले ओवर में एलेक्स हेल्स को आउट करके शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने एग्रेसिव एप्रोच जारी रखा। चौथे ओवर में ही दूसरा विकेट गिर गया, लेकिन टीम ने 32 रन बना लिए थे। हैरी ब्रूक 13वें ओवर में आउट हुए तब इंग्लैंड ने 84 रन बना लिए थे।