टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए चुनी गई भारतीय टीम में विकेटकीपर ऋषभ पंत का चयन हुआ है। दिसंबर 2022 में कार एक्सीडेंट हुआ तब किसी ने नहीं सोचा था कि पंत वापसी कर पाएंगे। वह वापसी करेंगे तो क्या पहले की तरह खेल पाएंगे? पंत ने 16 महीने में क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर ली। आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए बतौर कप्तान शानदार प्रदर्शन किया। इसके बदौलत भारतीय टीम में जगह बनाई।
ऋषभ पंत ने इसके लिए बहुत मेहनत की है और त्याग दिया है। उन्होंने फिटनेस रूटिन के साथ-साथ डाइट पर भी ध्यान दिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार विकेटकीपर ने पिछले 4 महीने में 16 किलो वजन कम किया है। एक्सीडेंट से पहले जितना उनका वजन था फिलहाल उससे 9 किलो वजन कम है। उन्हें रसमलाई, बिरयानी और फ्राइड चिकन पसंद है। उन्होंने इससे भी तौबा कर लिया है। फिटनेस के लिए सुशी को अच्छा माना जाता है उन्होंने उसे भी छोड़ दिया है।
1400 की जगह 1000 कैलोरी वाली डाइट
टाइम्स ऑफ इंडिया ने पंत के रिहैब से जुड़े एक सूत्र के हवाले से बताया, “उन्होंने दिसंबर के अंत में कम कैलोरी वाला आहार अपनाया। उनके शरीर को प्रतिदिन 1400 कैलोरी चाहिए । वह लगभग 1000 कैलोरी लेते हैं। यह उनके लिए कठिन था क्योंकि मैच-फिटनेस हासिल करने के लिए उन्हें बहुत कड़ी ट्रेनिंग करनी थी और अपने घायल दाहिने पैर की मांसपेशियों को मजबूत करना था।”
बेंगलुरु में एक किराए पर घर लिया
सूत्र ने आगे बताया, ” पंत अपने खाने में स्वाद चाहते थे। इसीलिए जब वह एनसीए में थे तो वह किसी होटल के बजाय बेंगलुरु में एक किराए के घर में रहने लगे। उन्हें घर का बना खाना पसंद था। उन्हें केवल 5 मिलीलीटर अतिरिक्त वर्जिन ओलिव ऑयल लेने की अनुमति थी। वह अपनी पसंदीदा चिली चिकन नहीं छोड़ पा रहे थे। तो इतने तेल में इसे बनाने की विधि निकाली गई। भिन्डी उन्हें काफी पसंद है।”
ऋषभ पंत ने केवल डाइट नहीं सोने के समय पर भी ध्यान दिया
ऋषभ पंत ने केवल डाइट नहीं सोने के समय पर भी ध्यान दिया। सूत्र ने बताया, “रात 11 बजे तक फोन, आईपैड और टीवी समेत सभी गैजेट बंद हो जाते थे। अगली सुबह कड़ी ट्रेनिंग पर लौटने के लिए उन्हें आठ-नौ घंटे की निर्बाध नींद लेनी पड़ती थी।” जैसे-जैसे पूरी फिटनेस के करीब पहुंचे, पंत ने हर दिन लगभग ढाई घंटे तक बल्लेबाजी की। उन्होंने आईपीएल के तुरंत पहले विकेटकीपिंग अभ्यास फिर से शुरू किया और प्रतिदिन लगभग 45 मिनट तक अभ्यास किया।