इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के बाद जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी मेंं टी20 वर्ल्ड कप 2024 (T20 World Cup 2024) होना चाहिए। इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान 1 मई तक हो जाएगा। इससे पहले यह बहस जारी है कि किन 15 खिलाड़ियों का चयन होगा? फिलहाल 4 खिलाड़ियों का चयन पक्का लग रहा है। बाकी 11 के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता। हालांकि, चौंकाने वाले फैसले की उम्मीद न के बराबर है।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम चुनने के लिए मुंबई में चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर, हेड कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा की बैठक हुई। इस बैठक के बारे में जैसे ही जानकारी सामने आई हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे चर्चा में आ गए। विराट कोहली को ओपनिंग कराने का विचार भी सामने आया। मयंक यादव और रियान पराग पर भी चर्चा की गई।
इन 4 खिलाड़ियों का चयन पक्का
अब अगरकर, द्रविड़ और रोहित के मन में क्या चल रहा है यह वही जानते हैं, लेकिन टीम में किसका चयन होगा इसका अंदाजा लगाना काफी मुश्किल नहीं है। कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह का चयन पक्का लग रहा है। इसके अलावा न्यूयॉर्क का टिकट हासिल करने के रेस में कौन से खिलाड़ी हैं उनप इस खबर में चर्चा करेंगे।
शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल में किसी एक को मिलेगा मौका
अगर रोहित शर्मा और विराट कोहली ओपनिंग करते हैं तो शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल में किसी एक खिलाड़ी को 15 में जगह मिलेगी। आईपीएल की फॉर्म को देखते हुए शुभमन गिल का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है। सूर्यकुमार यादव के चयन पर कोई संदेह नहीं है। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे में से किसी एक का चयन होगा।
हार्दिक का पलड़ा भारी
शिवम दुबे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खिला रही है। वह गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। ऐसे में हार्दिक का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है। अगर उनकी फिटनेस को लेकर समस्या नहीं होती है तो उनका न्यूयॉर्क जाना लगभग तय है। इसके अलावा एक अन्य बल्लेबाज रिंकू सिंह होंगे। रियान पराग के नाम पर भले चर्चा हो रही हो, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में रिंकू के मैच फिनिश करने की काबिलियत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
स्पिन ऑलराउंडर्स की फॉर्म खराब
भारत के लिए परेशानी का कारण स्पिन ऑलराउंडर है। रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर हैं। जडेजा और अक्षर की फॉर्म खराब है तो वॉशिंगटन को सनराइजर्स मौका नहीं दे रही है। ऐसे में तजुर्बे को देखते हुए जडेजा का चयन हो सकता है। विकेटकीपर की बात करें तो ऋषभ पंत और संजू सैमसन रेस में आगे चल रहे हैं।
सिराज की फॉर्म चिंता का कारण
गेंदबाजों की बात करें तो जसप्रीत बुमराह के मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार का चयन हो सकता है। मयंक यादव की चर्चा है, लेकिन चोट बड़ी समस्या है। सिराज की फॉर्म चिंता का कारण है। मोहम्मद शमी के न होने के कारण उनपर भरोसा जताया जा सकता है। अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार ने पीछे टी20 में अच्छा प्रदर्शन किया है। इन दोनों खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। स्पिनर के तौर कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई का चयन हो सकता है।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत का संभावित स्क्वाड
1.रोहित शर्मा,2.विराट कोहली, 3.शुभमन गिल,4.सूर्यकुमार यादव, 5.हार्दिक पंड्या/शिवम दुबे,6.रिंकू सिंह,7.ऋषभ पंत,8.संजू सैमसन,9.रविंद्र जडेजा,10.जसप्रीत बुमराह,11.मोहम्मद सिराज,12.अर्शदीप सिंह, 13.कुलदीप यादव,14.रवि बिश्नोई,15.मुकेश कुमार