T20 World Cup 2022: टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर 12 में शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका के स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा टीम इंडिया के क्रिकेटर केदार जाधव जैसे एक्शन में गेंदबाजी करते दिखे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 ओवर में 53 रन लुटाने वाले गेंदबाज ने कीवी टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया, लेकिन श्रीलंका की टीम हार गई। बहरहाल हसरंगा के जाधव की तरह गेंदबाजी करने पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कोच संजय बांगर नाराज हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वह इसे लेकर उनसे बात करेंगे।
मामला न्यूजीलैंड की पारी के 13वें ओवर का है। स्टार स्पोर्ट्स हिंदी पर टीम इंडिया के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा के साथ बांगर कमेंट्री कर रहे थे। इसी ओवर में हसरंगा ने एक दो गेंद केदाव जाधव की तरह झुककर गेंद डाली। इस पर संजय ने कहा कि ऐसा करने की एकदम जरूरत नहीं है। उनके पास काफी वेरिएशन हैं और कंट्रोल भी है फिर ऐसे गेंदबाजी करने की क्या जरूरत है?
क्यों जबरदस्ती ये करने का प्रयास
बांगर ने कहा, “बहुत ही अजीब सा रिलीज है इनका। कुछ करने की जरूरत नहीं है। जब भी ये गेंद देखता हूं, हसरंगा डालते हैं तो मुझे लगता है कि ये गेंद उन्होंने वेस्ट की है, क्योंकि इतनी काबिलियत है उनके पास। दोबारा से वेस्ट करते हुए। ये उपाय उनकी गेंदबाजी के लिए बिलकुल कारक नहीं है। क्या जरूरत है, जब आपके इतने वेरिएशन है कंट्रोल है। ये बातचीत मुझे इनसे करनी होगी। खासकर जब आईपीएल की शुरुआत में हम इकट्ठा होंगे तो ये गेंद इन्हें डालने की जरूरत नहीं है। गुगली से बहुत ज्यादा विकेट लेते हैं। हाई आर्म रिलीज अगर करेंगे उनकी गेंद ऐसे ही उतनी ज्यादा उछलती नहीं है। तो क्यों जबरदस्ती ये करने का प्रयास।”
10.75 करोड़ में खरीदा था
बता दें कि हसरंगा को आरसीबी ने आईपीएल 2022 से पहले मेगा ऑक्शन में 10.75 करोड़ में खरीदा था। इस बड़ी बोली के पीछे टी20 वर्ल्ड कप 2021 में उनका प्रदर्शन था, जिसमें उन्होंने हैट्रिक ली थी। आईपीएल 2022 में उनका प्रदर्शन काफी बढ़िया रहा था। उन्होंने 16 मैट में 430 रन दिए थे और 26 विकेट झटके थे। 7.54 की इकॉनमी रही थी। एक मैच में उन्होंने 4 और एक में 5 विकेट लिए थे।