सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy 2021) के दूसरे क्वार्टरफाइनल में तमिलनाडु ने हिमाचल प्रदेश को हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया। तमिलनाडु ने यह मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया। टीम अब पहले सेमीफाइनल में खेलेगी। इससे पहले पंजाब ने पहले क्वार्टरफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन कर्नाटक को हराकर उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। पंजाब की टीम दूसरे सेमीफाइनल में खेलेगी।
तमिलनाडु और हिमाचल के मैच में दिनेश कार्तिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हिमाचल की शुरुआत खराब रही। ओपनर प्रशांत चोपड़ा 6 रन बनाकर सोनू यादव की गेंद पर आउट हो गए। उनके बाद अभिमन्यु राणा 28 रन बनाकर रनआउट हो गए। उन्होंने 26 गेंद की पारी में 5 चौके लगाए। नितिन शर्मा 26 गेंद पर 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। आरआई ठाकुर ने 18 गेंद पर 16 रन बनाए। 100 रन के अंदर हिमाचल के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
इसके बाद कप्तान ऋषि धवन ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। धवन ने 26 गेंद पर नाबाद 35 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। नीचे के छह बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सके और टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 135 रन ही बना सकी। सोनू यादव ने तीन, संदीप वॉरियर ने दो विकेट लिए। 136 रन के लक्ष्य को तमिलनाडु ने 17.5 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया।
तमिलनाडु के लिए बाबा अपराजित ने 45 गेंद पर 52 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और दो छक्का लगाया। सोनू यादव ने 16 गेंद पर 16 रन बनाए। शाहरुख खान ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 19 गेंद पर 40 रन ठोक दिए। इस दौरान 5 चौके और 2 छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 210.53 का रहा। हरि निशांत ने 17, एन जगदीशन ने 7, दिनेश कार्तिक ने 2 और अरुण कार्तिक ने शून्य रन बनाए। हिमाचल के लिए वैभव अरोड़ा ने तीन विकेट लिए, लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।