सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने 15 जनवरी 2021 को सीनियर क्रिकेट में डेब्यू किया। खास यह रहा कि उन्होंने उसी टीम के खिलाफ डेब्यू किया, जिस टीम के खिलाफ उनके पिता सचिन तेंदुलकर ने अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेला था। बाएं हाथ के उभरते हुए तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर ने शुक्रवार को मुंबई के बांद्रा कुर्ला काम्प्लेक्स में सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के एलीट ई लीग ग्रुप मैच में हरियाणा के खिलाफ मुंबई की सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया।
इसके साथ ही 21 साल के अर्जुन अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नीलामी के लिए क्वालिफाई कर लेंगे, क्योंकि उन्होंने मुंबई की टीम के लिए अपना पदार्पण कर लिया है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 30 अक्टूबर 2013 को अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेला था। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में रोहतक के मैदान में मुंबई की ओर से खेलते हुए पहली पारी में पांच और दूसरी पारी में नाबाद 79 रन बनाए थे। पहली पारी में उनका विकेट जोगिंदर शर्मा ने लिया था। हालांकि, मुबंई ने उस मैच में हरियाणा को 4 विकेट से हराया था।
अर्जुन तेंदुलकर को एक अन्य तेज गेंदबाज कृतिक हनागावाड़ी के साथ मुंबई की टीम में शामिल किया गया है। मुंबई टीम का चयन सलिल अंकोला वाली चयन समिति ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड के कुल 22 खिलाड़ियों को चुने जाने की अनुमति देने के बाद किया। अर्जुन मुंबई के लिए विभिन्न उम्र के ग्रुप टूर्नामेंट में खेलते रहे हैं। वह उस टीम का भी हिस्सा थे जो आमंत्रण टूर्नामेंट खेलती है। अर्जुन को भारत की राष्ट्रीय टीम के नेट में भी गेंदबाजी करते हुए देखा गया था। उन्होंने 2018 में श्रीलंका का दौरा करने वाली अंडर-19 टीम में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
I have seen and recorded Sachin Tendulkar coming out to bat
Today, I got to see and record Arjun Tendulkar coming out to bat!
Arjun also got cheered by the members here if you listen carefully#SyedMushtaqAliT20 #SyedMushtaqAliTrophy pic.twitter.com/UA9j9nvc0j
— Vinesh Prabhu (@vlp1994) January 15, 2021
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई और हरियाणा के बीच मैच की बात करें तो मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ और पूरी टीम 19.3 ओवर में 143 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि, अर्जुन तेंदुलकर नाबाद पवेलियन लौटे। उन्हें एक भी गेंद खेलने को नहीं मिली, क्योंकि नौवे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे आकाश पारकर 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर 8 रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए और मुंबई की पारी का अंत हो गया।
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने 17.4 ओवर में 2 विकेट पर 144 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। हरियाणा की ओर से हिमांशु राणा ने 9 चौके और 3 छक्के की मदद से 53 गेंद में 75 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा शिवम चौहान भी 37 गेंद में 47 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 4 चौके लगाए। मुंबई की ओर से अर्जुन तेंदुलकर और शम्स मुलानी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।


