साल 2020 बॉलीवुड के लिए अब तक शुभ नहीं रहा है। ऋषि कपूर, इरफान खान, संगीतकार वाजिद अली खान, चिरंजीवी सरजा की मौत के बाद रविवार यानी 14 जून को एक और बुरी खबर आई। सुशांत सिंह राजपूत ने बांद्रा स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। उनकी आत्महत्या की वजह अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस को सुशांत के नौकर ने उनकी आत्महत्या की जानकारी दी है।

कुछ दिन पहले ही उनके पूर्व मैनेजर की मौत हो गई थी। तब वह काफी भावुक हो गए थे। उन्होंने तब इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, ‘यह बेहद दुखद खबर है। मैं दिशा के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। भगवान दिशा की आत्मा को शांति प्रदान करे।’ कौन जानता था कुछ दिन बाद वह भी इस दुनिया को छोड़कर चले जाएंगे।

सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में आए टीवी सीरियल ‘किस देश में है मेरा दिल’ से की थी। हालांकि, सीरियल ‘पवित्र रिश्ता ने उन्हें टीवी इंडस्ट्री में पहचान दिलाई। सुशांत ने बॉलीवुड में एंट्री 2013 में आई ‘कोई पो चे’ से की थी। उसी साल वह शुद्ध देसी रोमांस में भी नजर आए। आमिर खान की 2014 में आई पीके में भी उन्होंने अभिनय किया था। पीके में वह सरफराज यूसुफ के किरदार में थे। 2015 में आई डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी में उन्होंने लीड रोल निभाया।

हालांकि, बॉलीवुड में उनको भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बॉयोपिक ‘MS Dhoni: The Untold Story’ नई पहचान मिली। यह उनके करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर भी स्वीकार किया था कि इस फिल्म से उनका फिल्मी करियर काफी बूस्ट हुआ। महेंद्र सिंह धोनी ने भी फिल्म के प्रमोशन के दौरान बताया था कि धोनी की भूमिका निभाने में सुशांत ने उनसे बहुत सी चीजें जानीं। सुशांत अक्सर कुछ न कुछ पूछा करते थे।

सुशांत ने फिल्मी पर्दे पर धोनी बनने के लिए कड़ी मेहनत की थी। धोनी की चाल से लेकर बाल तक। बोलने के लहजे से बल्लेबाजी शैली तक, सुशांत ने सब कुछ आत्मसात कर लिया था। सुशांत ने कहा था, ‘मंजिल से ज्यादा यात्रा मायने रखती है। धोनी और मेरे ख्यालों में यही एक चीज सामान्य थी। फिल्म की शूटिंग शुरू करने के बाद मुझे इसका अहसास हुआ। मेरा कोई लक्ष्य नहीं है। मैं खुद को गंभीरता से नहीं लेता।’

सुशांत महेंद्र सिंह धोनी की तरह कार और बाइक के भी काफी शौकीन थे। उनके पास बीएमडब्ल्यू K1300R बाइक थी। 170 बीएचपी पावर जनरेट करने वाली इस बाइक की कीमत करीब 25 लाख रुपए है। इसके अलावा उनके कार कलेक्शन में मसेराटी क्वाट्रोपोर्टो (कीमत 1.5 करोड़) जैसी लग्जरी कार भी शामिल है।

सुशांत सिंह राजपूत ने एक इंटरव्यू में बताया था कि करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें एक प्ले के 250 रुपए मिलते थे। बाद में सीरियल में काम मिलने के बाद उन्होंने मुंबई के मलाड स्थित 2 बीएचके फ्लैट खरीदा। फिर 2015 में पाली हिल में एक पेंटहाउस खरीदा। इसके लिए उन्होंने तब 20 करोड़ रुपए कीमत चुकाई थी।