इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में सूर्यकुमार यादव ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंद पर नाबाद 103 रन बनाए। पिछले एक साल से वह टी20 क्रिकेट में बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट हो या आईपीएल उन्होंने गेंदबाजों की जमकर कुटाई की है। 59 पारियों में 229 चौके छक्के जड़ दिए हैं।

एक होती है तूफानी बल्लेबाजी, लेकिन सूर्यकुमार यादव इससे भी आगे निकल गए हैं। 59 पारी में 175.70 का स्ट्राइक रेट इस बात की गवाही है। वह क्रीज पर आते हैं तो सुनामी की तरह तोड़फोड़ मचा देते हैं। उन्होंने टीम इंडिया और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी अपना मुरीद बना लिया है।

विराट कोहली बोले – तुला मानला भाऊ

सूर्यकुमार यादव की गुजरात के खिलाफ पारी की विराट कोहली ने तारीफ की और इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाया। उन्होंने मराठी में लिखा, “तुला मानला भाऊ।” इसका हिंदी में मतलब होता है भाई तुम्हें मान गए। साल 2022 से सूर्यकुमार यादव के टी20 क्रिकेट में हैरतअंगेज आंकड़े हैं। उन्होंने 59 पारी में 46.85 के औसत और 175.70 की स्ट्राइक रेट से 2249 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 17 अर्धशतक और 4 शतक लगाए हैं। 204 चौके और 125 छक्के जड़े हैं।

विराट कोहली की सूर्यकुमार यादव के लिए इंस्टाग्राम स्टोरी

सूर्यकुमार यादव ऑरेंज कैप की रेस में

सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल 2023 में अच्छी शुरुआत नहीं की थी। शुरुआती कुछ मैचों में उनका प्रदर्शन खराब रहा था। वह खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। अब वह लय में लौट आए हैं। साथ ही ऑरेंज कैप की रेस में भी शामिल हो गए हैं। वह 12 मैच की 12 पारियों में 43.55 के औसत और 190.84 के स्ट्राइक रेट से 479 रन बना चुके हैं। 52 चौके और 24 छक्के लगा चुके हैं।