मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम में अपनी जगह बना ली है। उन्होंने 101 आईपीएल मैचों में 2024 रन बनाए हैं। मुंबई को पिछले दो सीजन में चैंपियन बनाने में सूर्यकुमार का योगदान बड़ा रहा है। उन्होंने दोनों सीजन में 400 से ज्यादा रन बनाए। सूर्यकुमार ने एक इंटरव्यू में टीम इंडिया के खिलाड़ियों का राज खोला था। उन्होंने विराट कोहली को परफेक्शनिस्ट बताया था। वहीं, रोहित के बारे में कहा था कि वे हमेशा गाना गाते रहते हैं।

सूर्यकुमार ने पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा को दिए इंटरव्यू में टीम इंडिया के परफेक्शनिस्ट के बारे में पूछे जाने पर विराट कोहली का नाम लिया था। उन्होंने कहा था, ‘‘कोहली जो भी करते हैं उसको परफेक्ट करते हैं। चाहे वह मैदान पर हो या मैदान से बाहर।’’ सबसे ज्यादा बातें करने के सवाल पर सूर्यकुमार ने ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या का नाम लिया था। उन्होंने कहा, ‘‘सबसे ज्यादा बातें क्रुणाल करता है। अगर एक टॉपिक समाप्त हो रहा है तो वह दूसरे टॉपिक पर बात करने लगता है। उसकी बातें कम ही नहीं हो सकती है।’’

सूर्यकुमार ने इसके बाद कहा मुंबई इंडियंस के अपने कप्तान रोहित शर्मा के बारे में बात की। उन्होंने सिंगर के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘रोहित गाना बहुत ज्यादा गाता है। उसने गली बॉय के बहुत सारे गाने गाए हैं। ड्रेसिंग रूम में भी अगर बजता है तो वह गाते रहता है। सिर्फ गली बॉय ही नहीं अन्य गाने भी जो उसे पसंद है वह गाता है। वह हमेशा गाने गाता है। प्रैक्टिस हो शूटिंग हो कही भी।’’ टीम का सोशल मीडिया कौन है इस पर सूर्या ने कहा, ‘‘इस मामले में युजवेंद्र चहल को पीछे कोई नहीं छोड़ सकता। वह अगर नहाकर बाहर भी निकला है तो सेल्फी पोस्ट कर सकता है।’’

सबसे ज्यादा किताब पढ़ने को लेकर उन्होंने अपने मुंबई की घरेलू टीम के साथ आदित्य तारे का नाम लिया। तारे आईपीएल में मुंबई के लिए खेलते हैं। सूर्या ने कहा, ‘‘आदित्य तारे बहुत किताब पढ़ता है। उसके पास जब भी मौका मिलता है वह पढ़ता है। लंच ब्रेक हो या टी ब्रेक हमेशा पढ़ता है। उसके पास बहुत सी किताबें हैं। हर सात में एक नया किताब पढ़ता है। मैं तो सोचता हूं कि कोई 7 दिन में 200-250 पन्नों की किताब कैसे पढ़ सकता है।’’