भारत के फुटबॉल कप्तान सुनील छेत्री ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का ऐलान किया। छेत्री ने वीडियो डालकर फैंस को अपने फैसले के बारे में बताया और उन्हें भावुक कर दिया। सुनील छेत्री भारत के महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल हैं। साथ ही साथ वह देश के सबसे अमीर फुटबॉलर्स में भी शुमार हैं।

सुनील छेत्री की सैलरी

साल 2023 में छपी कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुनील छेत्री की नेटवर्थ 8.5 करोड़ रुपए है। उनका ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन और आईएसएल की टीम बेंगलुरु एफसी के साथ करार है। वह एक साल में फुटबॉल खेलकर 80 लाख से एक करोड़ तक की कमाई करते हैं। यही नहीं छेत्री कई बड़े ब्रैंड्स को भी एंडोर्स करते हैं।

कई ब्रैंड्स को एंडोर्स करते हैं छेत्री

छेत्री एफएससीजी फर्स पिंटोला, क्रेड फायर बोल्ट और स्पोर्ट्स कंटेट प्लेटफॉर्म यूवी स्पोर्ट्स को एंडोर्स करते हैं। साल 2019 में उन्होंने स्पोर्ट्सवियर ब्रैंड प्यूमा के साथ तीन साल का करार किया था। यहां से भी छेत्री की काफी कमाई होती है।

सुनील छेत्री का कार कलेक्शन

रिपोर्ट्स के मुताबिक छेत्री के कार कलेक्शन में कई बड़ी गाड़ियां मौजूद हैं। छेत्री के पास ऑडी A6, टोयोटा फॉरच्यूनर, किया सेल्टोस और महिंद्रा स्कोरपियो है। इतना ही बेंगलुरु में छेत्री का आलीशान घर भी है। यह घर 7000 स्क्वायर वर्ग फुट में फैला हुआ है और इसकी कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपए बताई गई है।

सुनील छेत्री कुवैत के खिलाफ खेलेंगे आखिरी मैच

छेत्री का आखिरी मैच कुवैत के खिलाफ कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम पर होगा। यह वर्ल्ड कप क्वालिफायर का मैच है। सुनील के करियर में कोलकाता की अहम भूमिका रही है। उन्होंने अपने करियर का शुरुआती समय यहीं बिताया है। 39 वर्ष के छेत्री 19 साल से भारतीय फुटबॉल को अपनी सेवायें दे रहे हैं। उन्होंने साल 2005 में टीम इंडिया के लिए पहला मुकाबला खेला था। वह भारत के लिए 150 मैच में 94 गोल लगा चुके हैं। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच और सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।