ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को जल्द ही नया कप्तान मिल सकता है। टिम पेन से कप्तानी छिन सकती है। दरअसल, पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ पर कप्तान को लेकर लगा 2 साल का प्रतिबंध अब खत्म हो गया है। 29 मार्च 2018 को बॉल टैम्परिंग विवाद के बाद स्मिथ पर कप्तानी को लेकर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था। यह प्रतिबंध रविवार यानी 29 मार्च को समाप्त हो गया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 साल पहले हुए बॉल टैम्परिंग कांड के समय स्मिथ टीम के कप्तान थे। मामले दोषी पाए जाने के बाद उन्हें सजा दी गई थी।
स्मिथ पर सिर्फ कप्तानी ही नहीं बल्कि एक साल के लिए क्रिकेट खेलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। उन्होंने पिछले साल वर्ल्ड कप से टीम में वापसी की थी। इसके बाद एशेज सीरीज से टेस्ट में बेहतरीन वापसी की थी। वे उस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। फिलहाल स्मिथ को कप्तान बनने के लिए इंतजार करना होगा। कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर में क्रिकेट नहीं खेला जा रहा है।
स्मिथ के हटने के बाद विकेटकीपर टिम पेन को ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट में कप्तान बनाया था। वनडे और टी20 में कप्तानी एरॉन फिंच को सौंपी गई थी। टिम पेन के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल समय से निकलकर बेहतरीन प्रदर्शन करने लगी है। ऐसे में उन्हें कप्तानी से हटाना मुश्किल होगा। 35 साल के टिम पेन की कप्तानी की कोच जस्टिन लेंगर ने पिछले साल तारीफ की थी। कोच ने पेन को शानदार बताया था।
बॉल टैम्परिंग विवाद में सिर्फ स्मिथ ही दोषी नहीं थे। उनके साथ-साथ डेविड वॉर्नर और कैमरून बेनक्रॉफ्ट पर भी प्रतिबंध लगा था। स्मिथ ने स्वीकार किया था कि उन्होंने बेनक्रॉफ्ट को गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए कहा था। स्मिथ और बेनक्रॉफ्ट के साथ साथ डेविड वॉर्नर को भी उपकप्तानी से निलंबित कर दिया गया था। वॉर्नर और स्मिथ को 12-12 महीने के लिए टीम से बाहर किया गया था। वहीं, बेनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था।