वरुण चक्रवर्ती के 23 रन पर 3 विकेट की मदद से रविचंद्रन अश्विन की अगुआई वाली डिंडीगुल ड्रैगंस ने तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2023 (TNPL 2023) के 11वें मैच में बुधवार को एन.जगदीशन की चेपक सुपर गिल्लीज के खिलाफ एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की। लीग के इतिहास में किसी टीम के एक रन से जीतने का यह पहला मामला है। अश्विन की टीम इस जीत के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है और वह अबतक एक भी मैच नहीं हारी है। हालांकि, अश्विन का इस मैच में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। वह बल्ले के बाद गेंद से भी विफल रहे।
चेपक सुपर गिल्लीज को आखिरी ओवर में 12 रनों की आवश्यकता थी। पी श्रवण कुमार गेंदबाज थे। उथिरासामी ससिदेव और रामलिंगम रोहित क्रीज पर थे। पहली गेंद पर चौका लगा। अगली गेंद पर रोहित आउट हुए। क्रीज पर आए लोकेश राज ने सिंगल लिया। अगली गेंद पर लोकेश राज रन आउट हुए। राहिल शाह नए बल्लेबाज थे। आखिरी गेंद पर दो रन चाहिए थे। वह रन आउट हुए। इस तरह से ओवर में सिर्फ 10 रन बने और 3 विकेट गिरे।
बाबा अपराजित ने 40 गेंद पर 74 रन बनाए
बाबा अपराजित ने 40 गेंद पर 74 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने चेपक को अंत तक मुकाबले में बनाए रखा। जब तीन ओवरों में 41 रनों की आवश्यकता थी, तब अपराजित ने लगातार दो छक्के लगाए। एक मिडविकेट बाउंड्री के ऊपर से और दूसर सीधा, लेकिन तीसरा लगाने के प्रयास में लॉन्ग ऑफ पर कैच आउट हो गए। उन्होंने आर अश्विन की कैरम बॉल पर बेहतरीन छक्का लगाया।
सुबोध भाटी ने 13 गेंद पर 31 रन ठोके
डिंडीगुल के ओपनर राहुल ने 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 9 गेंद पर 20 रन की पारी खेली और टीम का स्कोर 2 ओवरों में 28 रन पहुंचा दिया। इसके बाद टीम तीन विकेट जल्दी-जल्दी खो दिए और उसका स्कोर 6 ओवर में 3 विकेट पर 47 रन हो गया। 10 ओवर तक चेपक ने डिंडीगुल का स्कोर पांच विकेट पर 66 रन कर दिया था। इसके बाद आदित्य गणेश ने 30 गेंद पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 44 रन बनाए। उन्होंने सी. सरथ कुमार के साथ 61 रन की साझेदारी की। इस दौरान सरथ ने 21 गेंद पर 3 चौके की मदद से 25 रन बनाए। सुबोध भाटी ने 3 छक्के और 2 चौके की मदद से 13 गेंद पर 31 रन ठोका। इसमें 102 मीटर का छक्का शामिल था। इस तरह डिंडीगुल ने नौ विकेट पर 170 रन बना लिए।