भारतीय साइकिलिस्टों ने सोमवार को  12वें दक्षिण एशियाई खेलों में साइकिलिंग स्पर्धा में दाव पर लगे दोनों स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए। भारतीय टीम ने महिला 40 किमी टाइम ट्रायल और पुरूष 70 किमी टाइम ट्रायल स्पर्धाओं के स्वर्ण जीते जिससे भारत के इस स्पर्धा में पांच स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक हो गये हैं। महिला 40 किमी टाइम ट्रायल के फाइनल में टी विद्यालक्ष्मी, रूतुजा सतपुते, जी मनीषा और चाओबा देवी की भारतीय चौकड़ी 59 मिनट 23.5 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीता।

श्रीलंका और पाकिस्तान ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। पुरूष 70 किमी टाइम ट्रायल के फाइनल में अरविंद पंवार, मंजीत सिंह, दीपक कुमार राठी और मनोहर लाल बिश्नोई की भारतीय टीम ने एक घंटे 29 मिनट और 37.840 सेकेंड में स्वर्ण पदक हासिल किया। पाकिस्तान ने रजत और श्रीलंका ने कांसा जीता।

विद्यालक्ष्मी और अरविंद के लिये आज का स्वर्ण पदक उनका दूसरा पदक है। विद्यालक्ष्मी ने महिला 30 किमी व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में जबकि पुरूष 40 किमी व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में स्वर्ण पदक जीता था। शनिवार को पहले दिन भारत ने दो स्वर्ण और दो रजत जबकि कल उन्होंने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया था। भारत ने ढाका में पिछले गेम्स में भी तीन स्वर्ण और एक रजत जीतकर साइकिलिंग में दबदबा कायम किया था।