Syed Mushtaq Ali Trophy 2022: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2022 में दिल्ली ने 16 अक्टूबर को शानदार वापसी की। उसने यश ढुल और लखनऊ सुपर जायंट्स के बॉलिंग ऑलराउंडर आयुष बदोनी की तूफानी पारियों के दम पर पुडुचेरी को 7 विकेट से हराया। दिल्ली को अपने पिछले मैच में उत्तर प्रदेश के खिलाफ 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
उधर, ऋद्धिमान साहा की अगुआई वाली त्रिपुरा को हैदराबाद के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हैदराबाद की जीत में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा और तनय त्यागराज ने अहम भूमिका निभाई।
जयपुर के केएल सैनी ग्राउंड में एलीट ग्रुप बी के मैच में खेले गए मैच में हैदराबाद ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। त्रिपुरा ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 158 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 162 रन बनाकर मैच जीत लिया।
त्रिपुरा की इस सीजन यह लगातार दूसरी हार है। उसकी ओर से बिक्रमकुमार दास ने 9 चौके और एक छक्के की मदद से 56 गेंद में 73 रन बनाए। साहा 15 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद की ओर से तिलक वर्मा ने 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 46 गेंद में 67 रन बनाए।
तिलक वर्मा का सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में यह लगातार चौथा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने 38 गेंद में 50, 41 गेंद में 57 और 46 गेंद में 62 रन की पारी खेली थी। तिलक वर्मा के अलावा तनय त्यागराज (Tanay Thyagarajan) ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 11 गेंद में 24 रन की नाबाद पारी खेली। मिकिल जायसवाल (Mickil Jaiswal) 21 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और 2 छक्के लगाए।
जयपुर के जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड में एलीट ग्रुप बी का ही एक अन्य मैच दिल्ली और पुडुचेरी के बीच खेला गया। जयपुर के जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड में एलीट ग्रुप बी का ही एक अन्य मैच दिल्ली और पुडुचेरी के बीच खेला गया। दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पुडुचेरी ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रन बनाए। दिल्ली ने 19.2 ओवर में 3 विकेट पर 169 रन बनाकर मैच जीत लिया।
दिल्ली की ओर से यश ढुल ने 10 चौके की मदद से 46 गेंद में 71 रन की नाबाद पारी खेली। कप्तान नितीश राणा 26 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया। आयुष बदोनी ने 213.33 के स्ट्राइक रेट से रन ठोके।
आयुष बदोनी ने 15 गेंद में 3 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 32 रन बनाए। नितीश राणा ने इससे पहले गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया था। उन्होंने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट झटके। दिल्ली के नवदीप सैनी 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट लिए।