वर्ल्ड कप 2023 से ठीक पहले भारतीय ओपनर शुभमन गिल बढ़िया लय में नजर आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में गिल ने 74 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। अपने होम ग्राउंड मोहाली में पहला इंटरनेशनल मैच खेलने उतरे शुभमन गिल इस मैच को शानदार शतक की मदद से यादगार बना सकते थे, लेकिन एडम जम्पा ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया था, लेकिन 74 रन की पारी के बाद भी गिल ने इस मैच में कई माइलस्टोन अपने नाम कर लिए थे। इस बीच गिल के पास आने वाले कुछ वनडे मैचों में सचिन तेंदुलकर के खास रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका होगा।

रोहित और विराट भी तोड़ पाए वह रिकॉर्ड

शुभमन के पास सचिन के जिस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है वह 25 साल पुराना है और उस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली भी पूरा जोर लगा चुके हैं, लेकिन दोनों ही ऐसा करने से चूक गए। दरअसल, शुभमन गिल के पास सचिन के एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है। हालांकि गिल अभी ऐसा करने से 768 रन दूर हैं, लेकिन साल 2023 में उनके पास करीब 14 वनडे मैच हैं।

2023 में शुभमन गिल बना चुके हैं 1126 रन

अगर शुभमन गिल इस साल बचे 14 वनडे मैचों में से किसी में बाहर नहीं बैठते हैं तो वह इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। शुभमन ने अभी तक साल 2023 में (भारत-ऑस्ट्रेलिया मोहाली वनडे) 19 वनडे पारियों में 70.37 की बेहतरीन औसत और 104.84 के औसत से 1126 रन बनाए हैं। इसमें 5 शतक और 4 अर्द्धशतक शामिल हैं। इस दौरान गिल का सर्वोच्च स्कोर 208 रन रहा है। शुभमन गिल ने यह दोहरा शतक न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़ा था।

25 साल पहले सचिन ने बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

अब अगर सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने 1998 में खेली 33 वनडे पारियों में 65.31 की औसत और 102.15 के स्ट्राइक रेट से 1894 रन बनाए थे। सचिन ने उस दौरान 9 शतक और 7 अर्द्धशतक जड़े थे। सचिन का सर्वोच्च स्कोर 143 रहा था। 1998 के समय को सचिन के करियर का ड्रीम ईयर भी कहा जाता है। एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी तक सचिन के ही नाम है।

रोहित-विराट ने भी लगाया था एड़ी-चोटी का जोर

सचिन तेंदुलकर के इस रिकॉर्ड के करीब रोहित शर्मा और विराट कोहली भी पहुंच चुके हैं, लेकिन वे दोनों इसे तोड़ नहीं पाए। रोहित ने 2019 में 1490 रन बनाए थे। 2019 विश्व कप में ही रोहित शर्मा ने 5 शतक जड़े थे। वहीं विराट के लिए ऐसा जबरदस्त साल 2017 आया था, जिसमें उन्होंने 1460 रन बनाए थे। रोहित और विराट के बाद शुभमन गिल ही इस रिकॉर्ड के करीब पहुंचे हैं और हो सकता है कि वह इसे तोड़ भी दें। गिल को अभी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाकि दोनों मुकाबले और उसके बाद विश्व कप में कम से कम 9 मैच खेलने हैं। इसके बाद दिल को विश्व कप के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे खेलने का मौका मिलेगा।