टीम इंडिया वर्ल्ड कप के अगले मुकाबले के लिए मुंबई में है, जहां 2 नवंबर को वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ मैच होगा। मुंबई में भारतीय खिलाड़ी रिलैक्स मोड में नजर आए। एक तरफ सूर्यकुमार यादव चेहरे पर मास्क, आंखों पर काला चश्मा और सिर पर टोपी लगाकर मरीन ड्राइव पर लोगों का इंटरव्यू लेने पहुंच गए तो वहीं दूसरी तरफ टीम के स्टार ओपनर शुभमन गिल जियो वर्ल्ड प्लाजा इवेंट में शिरकत करने पहुंचे। यहां शुभमन गिल को सारा तेंदुलकर के साथ स्पॉट किया गया।

कैमरा देख उल्टे पांव लौटने लगे गिल

शुभमन गिल और सारा तेंदुलकर के अफेयर की खबरें लंबे समय से सुर्खियों में हैं। हालांकि दोनों में से किसी ने भी अपने अफेयर की खबरों को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है। मंगलवार रात को शुभमन गिल और सारा तेंदुलकर जियो वर्ल्ड प्लाजा इवेंट में शिरकत करने पहुंचे। सारा इस दौरान रेड आउटफिट में नजर आईं तो वहीं शुभमन गिल ब्लैक आउटफिट में थे। हालांकि गिल ने जैसे ही कैमरा देखा तो उन्होंने अपने पांव पीछे ले लिए।

इस इवेंट में पहुंची थी बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां

सारा और गिल के इस वीडियो ने फिर से दोनों के अफेयर की खबरों को हवा दे दी है। यह दोनों जिस इवेंट के लिए मुंबई के लग्जरी मॉल जियो वर्ल्ड प्लाजा में पहुंचे थे, वहां बॉलीवुड जगत की कई बड़ी हस्तियां पहुंची थीं। नीता अंबानी और मुकेश अंबानी भी इस इवेंट का हिस्सा थे। शुभमन गिल के अलावा कई और क्रिकेटर्स भी यहां स्पॉट हुए थे। इस इवेंट में रोहित शर्मा भी पत्नी रितिका के साथ पहुंचे थे। इसके अलावा रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण,रितेश देशमुख, जैनेलिया, शहनाज गिल, सोनम कपूर, सुनील शेट्टी, आथिया शेट्टी, नोरा फतेही और करिश्मा कपूर भी इस इवेंट में पहुंची थी।