देश में लॉकडाउन (Lockdown) 4.0 चल रहा है। इसके चलते खेल गतिविधियां ठप हैं। हालांकि, भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर शिखर धवन फैंस को अपनी मस्ती से हंसाने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। साथियों में गब्बर के नाम से प्रसिद्ध बाएं हाथ का यह बल्लेबाज भले ही मैदान पर चौके-छक्के न जमा रहा हो, लेकिन सोशल मीडिया पर जरूर धमाल मचा रहा है। वे सोशल मीडिया पर अक्सर अपने वीडियो पोस्ट करते रहते हैं। इसमें कभी वे पत्नी या कभी बेटे जोरावर के साथ मस्ती करते नजर आते हैं। फैंस उनके वीडियो की काफी तारीफ भी कर रहे हैं। हालांकि, अब इन्हीं वीडियो के कारण उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।

शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने मंगलवार शाम इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। यह वीडियो उन्होंने टिकटॉक ऐप पर बनाया था। इसमें वह बेटे के साथ भांगड़ा करते दिख रहे हैं। वीडियो में धवन धीमी गति के संगीत पर डांस शुरू करते हैं। अचानक जोरावर की एंट्री होती है। जोरावर की एंट्री के साथ म्यूजिक भी चेंज हो जाता है। कुछ पल बाद जोरावर फ्रेम से हट जाते हैं। तब फिर से धीमी गति का संगीत बजने लगता है और धवन डांस करना जारी रखते हैं। वीडियो में जोरावर जैसे ही तीसरी बार एंट्री करते हैं तब दोनों पिता-पुत्र एकसाथ भांगड़ा करने लगते हैं।

धवन के इस वीडियो को अब तक 8 लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं, जबकि तीन हजार से ज्यादा लोग कमेंट कर चुके हैं। उनके इस वीडियो पर ब्रायन लारा ने भी कमेंट किया है। कुछ लोग उनके इस वीडियो की काफी तारीफ कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग टिकटॉक पर वीडियो नहीं बनाने की सलाह दे रहे हैं। कुछ लोग टिकटॉक अकाउंट डिलीट करने की धमकी भी दे रहे हैं।

jamaican_monster ने लिखा, ‘टिकटॉक (Tiktok) डिलीट कर भाई।’ patel_harsh_84kp ने कमेंट किया, ‘क्या सर टिकटॉक को हटाना था।’ mr.sameer__07 ने धवन के टिकटॉक वीडियो बनाने पर गुस्सा जताया तो deepa_k2165 ने रिप्लाई किया, ‘ये भी जल्दी ही इस घटिया ऐप को यूज करना छोड़ देंगे टेंशन मत लीजिए महोदय।’ gabru_deep ने लिखा, ‘शरम नहीं आ रही टिकटॉक बनाया है शिखर धवन।’ ft.hardik144 ने लिखा, ‘कृपया टिकटॉक पर वीडियो नहीं बनाएं।’ raghav__207 ने कमेंट किया, ‘भाई टिकटॉक डिलीट कर दो।’ er_adesh_pawar ने लिखा, ‘गब्बर भाई टिकटॉक डिलीट करोगे क्या?’

धवन ने वीडियो को पोस्ट करते हुए इसके कैप्शन में लिखा, ‘डांस की असली जोड़ी, जैसा बाप, वैसा बेटा।’ बता दें कि धवन जब मैदान पर भी फील्डिंग कर रहे होते हैं तब भी वे मस्ती भरे करतब दिखाकर फैंस का खूब मनोरंजन करते हैं। फील्डिंग के दौरान कैच पकड़ने पर उनका पहलवान वाला स्टाइल तो खासा लोकप्रिय है।

लोग धवन से इसलिए टिकटॉक को डिलीट करने को कह रहे हैं, क्योंकि यह चाइनीज ऐप है। वहीं, कोरोनावायरस के फैलने की शुरुआत भी चीन से मानी जाती है। लोगों का मानना है कि सारी दुनिया आज जिस महामारी से जूझ रही है, उसके पीछे चीन का ही हाथ है। अगर वह सही समय पर जानकारी दे देता तो शायद दुनिया इतनी बड़ी विपत्ति का सामना करने से बच जाती।