कोरोनावायरस के कारण देश भर में लॉक डाउन लागू होने से आम और खास हर कोई अपने घर पर ही रहने को मजबूर है। खिलाड़ी और क्रिकेटर भी इससे इतर नहीं हैं। मैदान पर समय काटने वालों के लिए यह किसी सजा से कम नहीं है, लेकिन वे इसे सकारात्मक रूप से ले रहे हैं। वे सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़े हुए हैं।
इसी क्रम में शिखर धवन ने भी अपने ट्विटर और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो वायरल है। इस पर अब तक 5 हजार से ज्यादा कमेंट्स और 7 लाख के करीब लाइक्स आ चुके हैं। इस वीडियो को देखकर आप अपनी हंसी रोक नहीं पाएंगे।
वीडियो में शिखर धवन घर के कपड़े धोते और बाथरूम साफ करते दिख रहे हैं। यही नहीं, घर का काम करने के दौरान थोड़ा सा रिलैक्स होने पर उन्हें पत्नी आयशा धवन की फटकार भी सुननी पड़ रही है। वहीं, आयशा को अपना मेकअप करते और फोन पर बात करते देखा जा सकता है। बैकग्राउंड में थानेदार फिल्म का गाना ‘जब से हुई है शादी आफत गड़े पड़ी है’ चल रहा है। यह गाना थानेदार फिल्म में संजय दत्त और माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था।
धवन की इस पोस्ट पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज और सनराइजर्स हैदराबाद में उनके जोड़ीदार रह चुके डेविड वॉर्नर ने भी कमेंट किया है। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में धवन के साथी रह चुके वार्नर ने वीडियो को रिट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैं तुम्हें सुन सकता हूं।’
Life after one week at home.
Reality hits hard #AeshaDhawan @BoatNirvana #boAtheadStayINsane pic.twitter.com/ZTM2IhGV3c— Shikhar Dhawan (@SDhawan25) March 24, 2020
भारतीय क्रिकेट टीम के ‘गब्बर’ शिखर धवन पहले भी एक वेब शो में खुलासा कर चुके हैं कि वे हर गुरुवार को अपने घर का कचरा खुद बाहर फेंकते हैं। बता दें कि धवन की पत्नी आयशा एक बॉक्सर हैं। धवन और आयशा ने 2012 मे शादी की थी। आयशा की यह दूसरी शादी है, पहली शादी से उन्हें दो बेटियां हैं। आयशा 2014 में तीसरी बार मां बनीं, उन्होंने बेटे जोरावर को जन्म दिया था।
