शिखर धवन (Shikhar Dhawan) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह इंस्टाग्राम पर अक्सर अपने मजाकिया वीडियो शेयर करते रहते हैं। टीम इंडिया के साथियों के बीच ‘गब्बर’ के नाम से लोकप्रिय शिखर धवन हर बार अपनी इंस्टाग्राम रील्स से लोगों को लोटपोट होने पर मजबूर कर देते हैं। ताजा वीडियो में उन्होंने अपने रसोइए (COOK) कबीर के साथ फनी रील बनाई है। शिखर धवन ने वीडियो में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की एक फिल्म का सीन रिक्रिएट किया है।
वीडियो में वह कबीर के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि कबीर छुट्टी पर जाने पर अड़े थे। शिखर धवन ने कबीर को नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अंदाज में मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इस पर शिखर धवन को गुस्सा आ जाता है। शिखर धवन गुस्से में कबीर से कहते हैं, ‘जाना है तुझे, मेरी लाश पर से गुजर करके जा।’
इसके बाद शिखर धवन जमीन पर सीधे लेट जाते हैं। हालांकि, कबीर उनकी किसी भी बात की परवाह किए बगैर धवन को लांघते हुए आगे बढ़ता है। इस पर धवन उठकर खड़े होते हैं और उससे बोलते हैं, ‘तुझे शर्म नहीं आई?’ धवन ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘यह वाकया किस-किसके के साथ गुजरा है? अपना हाथ उठाइए।’
शिखर धवन का यह अंदाज देखने लायक है। भारतीय क्रिकेटर का यह वीडियो लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इस वीडियो को अब तक 26 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वीडियो (VIDEO) पर 3 लाख से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं। हजारों कमेंट्स भी आ चुके हैं।
कमेंट्स करने वालों में युजवेंद्र चहल की पत्नी धनश्री वर्मा, भारतीय क्रिकेटर खलील अहमद, हरप्रीत बराड़, प्रदीप साहू और एथलीट अरपिंदर सिंह ने भी कमेंट किए हैं। धनश्री वर्मा (Dhanashree Verma) ने लिखा, ‘कबीर भईया हाहाहाहाहा…।’ धवन पहले भी ऐसे मजेदार वीडियो शेयर करते रहे हैं। नीचे वीडियो में आप भी शिखर धवन और उनके रसोइए कबीर का फनी अंदाज देख सकते हैं।
शिखर धवन को जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का कप्तान चुना गया है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह को इस दौरे पर आराम दिया गया है। राहुल त्रिपाठी को मौका मिला है। उधर, तेज गेंदबाज दीपक चाहर की चोट से वापसी हो गई है। दीपक चाहर ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मुकाबला फरवरी में खेला था।