उत्तर प्रदेश की विजय हजारे ट्रॉफी टीम से बाहर किये गए स्टार बल्लेबाज समीर रिजसी ने अंडर-23 वनडे स्टेट ए टूर्नामेंट में धमाल मचा दिया है। उन्होंने बुधवार 25 दिसंबर 2024 को राज्य के लिए 8 दिन में दूसरा दोहरा शतक जड़ा। वह इस दौरान 2 शतक भी लगा चुके हैं। वडोदरा के जीएसएफसी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गये मैच में विदर्भ ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 50 ओवर में 6 विकेट पर 406 रन बनाये। उसकी ओर से दानिश मालेवार ने 142 और कप्तान मोहम्मद फैज ने 100 रन की पारी खेली।

यूपी ने 8 विकेट से जीता मैच

लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश ने 41.2 ओवर में 2 विकेट पर 409 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश के कप्तान समीर रिजवी 13वें ओवर में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। उस समय टीम का स्कोर 2 विकेट पर 113 रन था। सलामी बल्लेबाज शौर्य सिंह 62 रन बनाकर आउट हुए थे। उनसे पहले स्वास्तिक पवेलियन लौटे थे। तब टीम के खाते में 10.4 ओवर में 106 रन जुड़े थे। स्वास्तिक ने 41 रन बनाये। उन्होंने आउट होने से पहले शौर्य सिंह के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की थी।

समीर रिज्वी ने ठोके 10 चौके और 18 छक्के

इसके बाद समीर रिजवी और विकेटकीपर शोएब सिद्दिकी ने केवल 173 गेंद में 296 रन की नाबाद साझेदारी की। उत्तर प्रदेश ने जब विदर्भ के खिलाफ जीत हासिल की तब शोएब सिद्दीकी 96 रन बनाकर नाबाद थे। उन्होंने 73 गेंद की पारी में 9 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, समीर रिजवी शानदार दोहरा शतक लगाकर नाबाद रहे। समीर रिजवी ने 105 गेंद में 10 चौकों और 18 छक्कों की मदद से 202 रन बनाये।

4 दिन पहले ही सबसे तेज दोहरा शतक

समीर रिजवी ने 4 दिन पहले ही वडोदरा के कोटाम्बी बी मैदान पर त्रिपुरा अंडर-23 के आक्रमण को ध्वस्त करते हुए एक और तूफानी पारी खेली थी। समीर रिजवी तब 97 गेंद पर 201 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उन्होंने 13 चौके और 20 छक्के लगाए थे। यह टूर्नामेंट का सबसे तेज दोहरा शतक है।

समीर रिजवी ने इससे पहले हिमाचल प्रदेश के खिलाफ (19 दिसंबर 2024) 153 रन और पांडिचेरी के खिलाफ (17 दिसंबर 2024) नाबाद 137 रन बनाये थे। अंडर-23 टूर्नामेंट में 6 पारियों के बाद समीर रिजवी के खाते में 728 रन हैं। वह अब तक 52 चौके और 64 छक्के लगा चुके हैं।

पिछले सीजन भी स्टार रहे थे समीर रिज्वी

चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज पिछले संस्करण में भी उत्तर प्रदेश अंडर-23 के लिए स्टार थे। 21 वर्षीय समीर रिजवी ने पिछले साल फाइनल में उत्तर प्रदेश की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 50 गेंद में 83 रन की पारी खेली थी। समीर रिजवी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में भी उतर प्रदेश के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। हालांकि, विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उन्हें टीम में नहीं चुना गया। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी टीम से बाहर होने से पहले 8 पारियों में 136 रन बनाये थे।

IPL मेगा ऑक्शन में 95 लाख में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा

दाएं हाथ के बल्लेबाज ने पिछले साल तब सुर्खियां बटोरी थीं, जब उन्हें आईपीएल 2024 सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन पिछले महीने उन्हें आईपीएल मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था। आईपीएल 2025 मेगा नीलामी में समीर रिजवी को दिल्ली कैपिटल्स ने 95 लाख रुपये में खरीदा था। समीर रिजवी का बेस प्राइस 30 लाख रुपये था।