शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल और ली चोंग वेई के लिए प्रीमियर बैडमिंटन लीग की खिलाड़ियों की नीलामी में सबसे अधिक एक लाख डालर की बोली लगी जबकि पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत को क्रमश: 95000 और 80000 डालर में खरीदा गया। दुनिया की नंबर दो महिला खिलाड़ी सायना और पूर्व नंबर एक पुरुष खिलाड़ी ली चोंग वेई को रविवार रात नीलामी पूर्व बोली में क्रम से लखनऊ के अवध वारियर्स और हैदराबाद हंटर्स ने खरीदा। इन दोनों का नाम हालांकि सोमवार को होने वाली नीलामी की सूची में मौजूद था। विश्व चैंपियनशिप की दो बार की कांस्य पदक विजेता सिंधू के लिए दिल्ली, मुंबई और चेन्नई की टीमों ने आक्रामक बोली लगाई लेकिन उन्हें चेन्नई स्मैशर्स ने 95000 डालर में खरीदा।
चोट से उबर रहे राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन पारुपल्ली कश्यप को हैदराबाद की टीम ने 35000 डालर में खरीदा जबकि डबल्स खिलाड़ी बी सुमित रेड्डी अपने आधार मूल्य 25000 डालर में बंगलुरु की टीम के खाते में गए। सुमित के डबल्स जोड़ीदार मनु अत्री को मुंबई राकेट्स ने खरीदा। ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को उनके 25000 डालर के आधार मूल्य पर उनकी घरेलू टीमों हैदराबाद और बंगलुरु ने ही खरीदा। हालांकि पीबीएल के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के अनुसार इन दोनों में से प्रत्येक को 60000 डालर मिले। एचएस प्रणय के लिए फ्रेंचाइजी ने 47000 डालर की बोली लगाई।
रूस के व्लादिमीर इवानोव को मुंबई राकेट्स ने 42000 डालर में खरीदा। इंग्लैंड के राजीव ओसेफ और इंडोनेशिया मास्टर्स चैंपियन टामी सुगियार्तो को दिल्ली ऐसर्स ने क्रम से 36000 और 74000 डालर में अपने नाम किया। सायना और ली चोंग वेई नीलामी का हिस्सा नहीं थे क्योंकि नीलामी में पांच फ्रेंचाइजियों ने भारतीय स्टार के लिए अधिकतम स्वीकृत राशि एक लाख डालर की बोली लगाई और बाद में पीबीएल के नए नियमों के तहत लाटरी के जरिए फैसला किया गया कि वे किस टीम से जुड़ेंगी। मुंबई और हैदराबाद की टीमें ली चोंग वेई को अपने साथ जोड़ना चाहती थी और उन्होंने मलेशियाई खिलाड़ी के लिए अधिकतम बोली लगाई लेकिन लाटरी के बाद वे हैदराबाद फ्रेंचाइजी के खाते में गए।
सभी छह टीमों हैदराबाद हंटर्स, मुंबई राकेट्स, दिल्ली ऐसर्स, बंगलुरु टाप गन्स, अवध वारियर्स और चेन्नई स्मैशर्स में से प्रत्येक के पास बोली लगाने के लिए 270000 डालर (लगभग एक करोड़ 80 लाख 11 हजार 11 रुपए) की राशि थी। भारतीय बैडमिंटन संघ ने 2013 में पहली बार इंडियन बैडमिंटन लीग का आयोजन किया था लेकिन इसके बाद 2014 और 2015 में यह लीग नहीं हुई।
इस टूर्नामेंट की शुरूआत अब पीबीएल के रूप में दोबारा हो रही है। इसकी शुरुआत दो जनवरी को मुंबई में उद्घाटन समारोह के साथ होगी जबकि 17 जनवरी को यहां फाइनल खेला जाएगा।