भारत के खेल इतिहास में सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर का खास मुकाम है। दोनों ने दुनिया को बल्ले का कमाल दिखाया। इन दोनों ने रिकॉर्ड्स की लाइन लगा दी। मैदान पर फैंस ने कई बार उनको कमाल करते देखा होगा लेकिन इन दिग्गजों नाचते गाने शायद ही आपने देखा होगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर फैंस को यही अनदेखा नजारा देखने को मिला।

सचिन तेंदुलकर ने गाया गाना

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सिंगर शेखर रावजियानी गाना गाते हुए नजर आ रहे थे। उस दौरान स्टेज पर सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, अजिंक्य रहाणे, दिलीप वेंगसरकार और डायना एडुल्जी जैसे दिग्गज थे। शेखर ‘ओम शांति ओम’गाना गा रहे थे। वह गाते-गाते सचिन के पास गए और उन्हें माइक दिया। सचिन ने गाना गाया।

सुनील गावस्कर ने भी किया डांस

इसके बाद वह सुनील गावस्कर को लेकर स्टेज के आगे के हिस्से में आए और भांगड़ा करने लगे। सुनील गावस्कर ने भी शेखर का साथ दिया और वह भी नाचे। बाकी सभी सुनील गावस्कर को देखकर तालियां बजा रहे थे। गावस्कर ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। गावस्कर ने इसके बाद शेखर के साथ गाना भी गाया।

महान सुनील गावस्कर ने कहा कि जब भी वह स्टेडियम जाते हैं तो उन्हें ‘घरेलू मैदान पर आने’ का एहसास होता है। उन्होंने कहा, ‘‘जब 1974 में वानखेड़े स्टेडियम बनाया गया था, तो हमारा ड्रेसिंग रूम नीचे था। जब हमने अभ्यास सत्र के लिए पहली बार मैदान में कदम रखा तभी इससे प्यार हो गया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ इससे पहले हम ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेलते थे। वह एक क्लब (क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया) का मैदान था। लेकिन यहां आकर ऐसा लगा जैसे यह मुंबई क्रिकेट का घरेलू मैदान है। जब भी मैं कमेंट्री के लिए आता हूं तो मुझे वही अहसास होता है। मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।’’