दुनिया के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। मंगलवार (22 जून) को उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में एक फ्रेंड के साथ वीडियो पोस्ट की। इसमें दोनों खाने का लुत्फ उठा रहे थे। सारा के इंस्टाग्राम पर 12 लाख से ज्यादा फॉलोअर हैं और वो 435 लोगों को फॉलो करती हैं। हैरानी की बात हैं इनमें सिर्फ 9 क्रिकेटर हैं। सारा की लिस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल भी शामिल हैं।

सारा और शुभमन के बीच अफेयर की खबरें मीडिया में आती रहती हैं। हालांकि, दोनों ने इसे खारिज किया है। इसके बावजूद फैंस को विश्वास नहीं होता। इसके पीछे एक वजह इंस्टाग्राम भी है। दोनों एक-दूसरे को फॉलो करते हैं। सारा की छोटी सी लिस्ट में शुभमन का शामिल होना इत्तेफाक तो नहीं है। फैंस का मानना है कि दोनों एक-दूसरे को जानते हैं और फ्रेंड हैं तभी फॉलो करते हैं। शुभमन के अलावा सारा अपने पिता सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, भाई अर्जुन तेंदुलकर, हार्दिक पंड्या, अजीत अगरकर और सिद्धेश लाड को फॉलो करती हैं।

सारा आईपीएल की टीम मुंबई इंडियंस और भारतीय क्रिकेट टीम को भी फॉलो करती हैं। इसके अलावा वो खिलाड़ियों की पत्नियों में सिर्फ चार को फॉलो करती हैं। इनमें जहीर खान की पत्नी सागरिका घाटगे, हरभजन सिंह की पत्नी गीता बसरा, युवराज सिंह की पत्नी हेजल कीच और क्रुणाल पंड्या की पत्नी पंखुड़ी शर्मा शामिल हैं।

शुभमन ने हाल ही में सारा के साथ अपने रिश्ते को लेकर इशारों-इशारों में बात की थी। इंस्टाग्राम पर सवाल-जवाब सेशन के दौरान शुभमन गिल से एक फैन ने पूछा, ‘क्या आप अब तक सिंगल हैं?’ इस पर शुभमन गिल ने कहा, ‘ओह हां! मैं सिंगल हूं। आने वाले समय में भी मेरी ऐसी कोई योजना नहीं है।’ सारा और शुभमन के एक-दूसरे के साथ रिलेशन में होने की अफवाहें तब शुरू हुईं थीं, जब सोशल मीडिया पर दोनों एक दूसरे की पोस्ट पर कमेंट्स करते हुए दिखे थे।